परीक्षा में लापरवाही पर दो कक्ष निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 9 और 10 मई को हुई प्रवक्ता परीक्षा में लापरवाही के आरोप में दो कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोप है कि उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं को गलत तरीके से पैकेट में रखा। डीआईओएस ने कहा कि यह स्थिति अत्यंत खेदजनक है और शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया गया है।

बस्ती, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की 9 व 10 मई को प्रवक्ता पद के लिए हुई परीक्षा में लापरवाही के आरोप में दो कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। डीआईओएस संजय सिंह ने सहायता प्राप्त विद्यालय के प्राधिकृत नियंत्रक व प्रबंधक को पत्र लिखकर दोनों कक्ष निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने का निर्देश दिया है। आयोग की ओर से शहर के श्रीश्याम बहादुर आर्य कन्या इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। 10 मई को दूसरी पाली की परीक्षा में कक्ष संख्या एक में श्रीश्याम बहादुर आर्य कन्या इंटर कॉलेज की सहायक अध्यापिका रजनी गुप्ता व दिलेश्वरी इंटर कॉलेज रुधौली के प्रवक्ता बलवंत सिंह की ड्यूटी बतौर कक्ष निरीक्षक लगी थी।
दोनों पर आरोप है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्होंने कक्ष की उत्तर पुस्तिकाओं के आयोग की प्रति को कोषागार वाले पैकेट में रख दिया, जबकि कोषागार की प्रति को आयोग वाले पैकेट में रख दिया था। प्रकरण सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने रोष व्यक्त किया है। डीआईओएस का कहना है कि यह स्थिति अत्यंत खेदजनक है। परीक्षा से पूर्व कक्ष निरीक्षकों को संबंधित परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापकों की ओर से परीक्षा से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया था, जिसमें सभी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए थे, इसके बाद भी इतनी बड़ी चूक नहीं होनी चाहिए थी। दोनों कक्ष निरीक्षकों ने परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में घोर लापरवाही की है, जो शासकीय कार्यों में घोर लापरवाही किए जाने का परिचायक है। डीआईओएस ने कहा है कि शिक्षकों को तत्काल प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान करते हुए उनकी सेवा पंजिका पर अंकित कर तीन दिनों में इसे अवलोकन के लिए उनके समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


