
जिले में 117 परीक्षा केन्द्रों पर होगा यूपी बोर्ड परीक्षा
Basti News - यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के लिए 117 ऑनलाइन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछले वर्ष 124 केंद्र थे। डीआईओएस संजय सिंह ने बताया कि चार दिसंबर तक किसी भी शिकायत का निस्तारण किया जाएगा। फाइनल सूची शिकायतों के निस्तारण के बाद जारी की जाएगी।
बस्ती। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद स्तर से ऑनलाइन केंद्रों का निर्धारण कर दिया गया है। जिले में कुल 117 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जबकि बीते वर्ष जिले में 124 केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। नए बने केन्द्रों की सूची विभागीय स्तर से प्रदर्शित कर दी गई है। डीआईओएस संजय सिंह ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत केंद्रों का निर्धारण शासन स्तर से कर दिया गया है। जिले में 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। निर्धारित परीक्षा केंद्रों की सूची विद्यालय छात्र आवंटन सहित जन सामान्य के लिए कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक के व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रसारित करने के अलावा कार्यालय के सूचना पट पर भी चस्पा कर दी गई है।

डीआईओएस ने बताया कि चार दिसंबर तक निर्धारित केन्द्रों को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति या शिकायतें प्राप्त की जाएंगी। यदि किसी जन सामान्य, प्रबंधक, प्रधानाचार्य, छात्र-छात्रा, अभिभावक को परिषद की ओर से अनंतिम रूप से प्रस्तावित निर्धारित परीक्षा केंद्रों की सूची पर कोई आपत्ति या शिकायत हो तो साक्ष्यों सहित इसकी शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित प्रारूप पर अपना प्रत्यावेदन कार्यालय में शिकायत प्रकोष्ठ, रजिस्टर्ड डाक और माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल upmsp.edu.in पर चार दिसंबर तक दी जा सकती है। इसके बाद किसी भी आपत्ति या शिकायत पर सुनवाई नहीं होगी। इस अवधि में प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए डीएम की अध्यक्षता में बनी कमेटी को 11 दिसंबर तक सभी आपत्तियों का निस्तारण करना होगा। आपत्तियों के निस्तारण बाद ही परीक्षा केन्द्रों की फाइनल सूची जारी होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




