बस्ती में होली खेलने के बाद कुआनों नदी में नहाने आए दसवी के छात्र की डूबने से हुई मौत

Mar 04, 2026 06:43 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बस्ती
share

Basti News - बस्ती में होली खेलने के बाद कछुआड़ घाट पर नहाने आए 10वीं के छात्र भोला (18) की नदी में डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ तैराकी करते समय वह धारा में फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित किया गया। परिवार में मातम छा गया है।

बस्ती में होली खेलने के बाद कुआनों नदी में नहाने आए दसवी के छात्र की डूबने से हुई मौत

बस्ती। होली खेलने के बाद कुआनों नदी के कछुआड़ घाट पर दोस्तों के साथ नहाने आए दसवीं के छात्र की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर जमा हो गए। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची लालगंज थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। लालगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी भोला (18) पुत्र रामवृक्ष स्थानीय अमरज्ञान इंटर कॉलेज रखौना का 10 वीं कक्षा का छात्र है। होली खेलने के बाद वह अपने अन्य साथियों के साथ कछुआड़ घाट पर नहाने के लिए आया था।

वह दोस्तों के साथ नदी में तैराकी कर रहा था। तैरते हुए वह नदी के दूसरे छोर पर गया, इसके बाद वापस आते समय वह बीच धारा में फंस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह डूबने के साथ जलकुंभी के नीचे चला गया। साथियों व वहां मौजूद अन्य लोगों ने आनन-फानन में उसे जलकुंभी से बाहर निकाला और उसे लेकर सीधे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। वहां मौजूद लोगों का कहना है कि मृतक जींस का पैंट पहने हुए था, जो भीगने के बाद काफी भारी हो जाती है। इसके अलावा नदी को एक बार पार करने के बाद वह काफी थक गया होगा, जिससे वापस लौटते समय वह नदी की धारा में अपना बचाव नहीं कर सका और लहरों के बीच समा गया। भोला दो भाई व दो बहन में सबसे बड़ा था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।