बभनान की मुख्य सड़कों पर रोजाना जाम से जूझ रहे लोग
Basti News - बस्ती के बभनान कस्बे में जाम की समस्या से लोग परेशान हैं। मुख्य सड़कों पर जाम के कारण मरीजों, स्कूली वाहनों और नौकरीपेशा लोगों को दिक्कतें होती हैं। दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे गेट पर फ्लाईओवर बनाने की मांग की है ताकि जाम से राहत मिल सके।
बस्ती। बभनान की हर मुख्य सड़कों पर प्रतिदिन लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ता है। जाम के कारण बभनान कस्बे की सभी सड़कों पर यातायात ठप हो जाता है। जाम में फंसे मरीजों, स्कूली वाहनों एवं नौकरीपेशा लोगों को प्रतिदिन समस्या से रुबरु होना पड़ता है। वहीं व्यापारियों की दुकानों के सामने जाम लग जाने से व्यापार प्रभावित होता है। बस्ती-गोण्डा जिले की सीमा पर स्थित बभनान एक महत्वपूर्ण व्यवसायिक कस्बा है। बभनान का आधा हिस्सा बस्ती तो आधा हिस्सा गोण्डा जिले में आता है। मनकापुर-गौराचौकी, बभनान-मसकनवा, बभनान-हर्रैया मार्ग बभनान कस्बे के मध्य से होकर गुजरती है। बभनान-गौराचौकी मार्ग पर रेलवे गेट संख्या 222 ए व बभनान -मसकनवा मार्ग पर रेलवे गेट संख्या 223 ए स्थित है।
दिनभर अप-डाउन ट्रेनों के आवागमन के कारण यह फाटक दिन में सैकड़ों बार खुलते और बंद होते हैं। ऐसे में सड़क मार्ग से गुजरने वालों को रेलवे गेट के दक्षिण व उत्तर तरफ घंटों खड़ा रहना पड़ता है। वहीं सुबह-शाम दोनों तरफ से ट्रेनों का अधिक दबाव होने के कारण गेट आधे-आधे घंटे बंद रहता है। ऐसे में मरीजों की गाड़ियां, स्कूली वाहन व नौकरीपेशा पर जाने वालों के लिए समस्या भयावह हो जाती है। स्थानीय नागरिक हरिशंकर गुप्ता, विष्णु सिंह, लाल बहादुर मिश्रा, राजू सिंह, मुकुंद तिवारी, नन्दू गुप्ता सहित तमाम लोगों का कहना है कि रेलवे समपार संख्या 222ए पर फ्लाईओवर बन जाता तो जाम के झाम से निजात मिल जाती। दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर गाड़ियों का लंबा तांता लग जाता है। इस वजह से दुकानों पर एक भी ग्राहक नहीं आते हैं। व्यापार प्रभावित होने के कारण रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। इस बाबत आईओडब्लू बस्ती एसबी सिंह ने बताया कि रेलवे गेट पर फ्लाईओवर रेलवे बोर्ड द्वारा तय किया जाता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


