रिश्वत लेते वीडियो वायरल, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
बस्ती में परसरामपुर थाने के तीन पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया पर रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने पर निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की विभागीय जांच शुरू की। पहले भी क्षेत्रीय लोगों ने इनके व्यवहार को लेकर शिकायतें की थीं। यदि आरोप सिद्ध हुए तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बस्ती, हरिशंकर त्रिपाठी। परसरामपुर थाने के तीन पुलिसकर्मियों का कथित रूप से रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उन्हें निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ समाचार पत्र वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में परसरामपुर थाने में तैनात तीन पुलिसकर्मी रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जांच कराई। जांच में हेड कांस्टेबल जगत नारायण यादव, कांस्टेबल आनंद यादव और कांस्टेबल बृजभूषण सिंह के नाम सामने आए।
एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक इन तीनों पुलिसकर्मियों के कार्यशैली और व्यवहार को लेकर क्षेत्रीय लोगों की ओर से पहले भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि उनका आचरण आम जनता के प्रति संतोषजनक नहीं है, जिससे पुलिस की छवि और जनविश्वास प्रभावित हो रहा था।इसी बीच रिश्वत लेने के कथित वीडियो के वायरल होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच कराई गई। प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। इस बाबत एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


