बस्ती में स्कूल जा रहे शिक्षामित्र पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, गोरखपुर रेफर
Basti News - बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। जिले के सोनहा थानाक्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जाता कर्मा में शनिवार
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। जिले के सोनहा थानाक्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जाता कर्मा में शनिवार को पढ़ाने जा रहे एक शिक्षामित्र पर जानलेवा हमले की घटना सामने आई है। बाइक सवार शिक्षामित्र पर हमला स्कूल के पास से ही किया गया। शिक्षामित्र के सिर में गंभीर चोट आई और उनका हाथ भी कट गया। शोर सुन ग्रामीण जुट गए और घायलावस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सल्टौआ ले गए। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत बिगड़ती देख चिकित्सक ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है। सीओ रुधौली कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जांच-पड़ताल का अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।सोनहा थानाक्षेत्र के जाता गांव निवासी रत्नेश चौधरी (45) पुत्र मुक्तनाथ चौधरी अपने गांव में ही स्थित प्राथमिक विद्यालय जाता कर्मा में शिक्षामित्र के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब आठ बजे रत्नेश चौधरी विद्यालय पर बाइक से पढ़ाने जा रहे थे। अभी वह विद्यालय के करीब पंहुचे ही थे कि पहले से ही घात लगाकर बैठे गांव के ही एक युवक ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। चोट लगने से नीचे गिर गए और फिर आरोपी ने उनके हाथ पर वार कर दिया, जिससे हाथ कट गया। शोर मचाने पर ग्रामीण जुटने लगे तो आरोपी मौके से भाग गया। गंभीर हालत में शिक्षामित्र को जिला अस्पताल से बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस हमले की वजह तलाशने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुट गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


