गली में भरा रहता है गंदा पानी, छात्रा ने डीएम से की सड़क बनवाने की मांग
Basti News - मुरलीजोत वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी से वार्डवासी परेशान हैं। जर्जर सड़कें और टूटी नालियां समस्या बनी हुई हैं। कक्षा चार की छात्रा रिदा फातिमा ने डीएम से जर्जर सड़क और नालियों के निर्माण की गुहार लगाई। वार्ड की सभासद ने बताया कि प्रस्ताव पालिका बोर्ड में भेजा गया है और बजट मिलते ही काम शुरू होगा।

बस्ती, निज संवाददाता। नगर पालिका क्षेत्र के मुरलीजोत वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का अभाव वार्डवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। वार्ड की जर्जर सड़कें और टूटी नालियां विकास कार्यों की पोल खोल रही हैं। वार्ड की बदहाल स्थिति से परेशान होकर कक्षा चार की छात्रा रिदा फातिमा ने डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना से मुरलीजोत वार्ड की जर्जर सड़क और नालियों के निर्माण की गुहार लगाई है। एक छोटी छात्रा द्वारा डीएम के समक्ष वार्ड की समस्याएं उठाए जाने की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है। वार्डवासियों का आरोप है कि कई बार सभासद से शिकायत करने के बावजूद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा नालियों की सफाई और निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया।
हल्की बारिश में ही घरों के सामने जलभराव हो जाता है, जिससे लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वार्ड निवासी सारिका प्रजापति ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से बाइक सवार अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं। इस संबंध में मुरलीजोत वार्ड की सभासद रोली चौधरी ने बताया कि पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


