Basti News: संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला किशोर का शव
Basti News: कलवारी थानाक्षेत्र के नगर पंचायत गायघाट के वार्ड संख्या-5 में एक किशोर का शव फंदे से लटका मिला। किशोर की पहचान सनूप यादव के रूप में हुई। परिजनों ने कोई विवाद होने से इनकार किया। पुलिस ने आत्महत्या की संभावना जताई है।
Basti News: बस्ती हिन्दुस्तान टीम। कलवारी थानाक्षेत्र के नगर पंचायत गायघाट के वार्ड संख्या-5 दीनदयाल नगर में रविवार सुबह एक किशोर का शव खेत में बनी छप्पर में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे खेत की ओर गए ग्रामीणों ने पंपिंग सेट रखने के लिए बनी छप्पर में एक किशोर का शव फंदे से लटकता देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान वार्ड निवासी सनूप यादव (16) पुत्र रामलाल यादव के रूप में हुई।
सूचना पर थाना प्रभारी कलवारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए。
परिवार के बारे में जानकारी
परिजनों के अनुसार सनूप तीन भाइयों में मझला था और बीपी एजुकेशनल अकादमी, चौबह में कक्षा 10 का छात्र था। उसके पिता रामलाल यादव प्लंबर का कार्य करते हैं। परिवार का कहना है कि सनूप घर के पश्चिम स्थित खेत में बने मचान पर सोता था। शनिवार रात भी वह भोजन करने के बाद रोज की तरह मचान पर सोने गया था, लेकिन रविवार सुबह उसका शव पास की मड़ई में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश या विवाद से इनकार किया है।
पुलिस की जांच
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।


