नहर में बोरे में मिली सफाई कर्मी की लाश, हत्या की आशंका
Basti News - बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र में एक सफाई कर्मी विनय वर्मा की लाश नहर में बोरे में मिली। वह शनिवार को अपने गांव गेहूं की मड़ाई के लिए गया था और रविवार को खेत की ओर निकला, लेकिन वापस नहीं आया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या की आशंका जताई है।
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। छावनी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां नहर में बोरे के अंदर एक सफाई कर्मी की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई है। प्रथम दृष्टया मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान विनय वर्मा (पुत्र राम फेर वर्मा) निवासी ग्राम अकला डडवा, थाना छावनी के रूप में हुई है। वह हरैया क्षेत्र के बरगदवा गांव में सफाई कर्मी के पद पर तैनात था और अपने परिवार के साथ बस्ती में रहकर बच्चों की पढ़ाई कराता था।
मृतक के परिवार में पत्नी सहित एक पुत्र और एक पुत्री हैं।परिजनों के अनुसार, विनय वर्मा शनिवार को गेहूं की मड़ाई कराने के लिए गांव गया था। रविवार की शाम वह गन्ने की सिंचाई करने के लिए बाइक से खेत की ओर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सोमवार की सुबह उसकी लाश नहर में बोरे में मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन छानबीन में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


