कतर में खेल अधिकारी बस्ती की शिवानी के परिजन चिंतित
Basti News - बस्ती की शिवानी मिश्रा, जो कतर में खेल अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अंपायर हैं, वहां युद्ध की स्थिति के बीच फंसी हुई हैं। उनके पति देवेन्द्र मिश्रा एमस्टर्डम में हैं और कतर लौट नहीं पा रहे। परिवार के सदस्य चिंतित हैं, लेकिन कतर सरकार ने मदद के लिए हेल्पलाइन जारी की है।

बस्ती, निज संवाददाता। कतर में खेल अधिकारी व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अंपायर शिवानी मिश्रा कतर में हैं। वह बस्ती के नरहरिया स्टेट निवासी स्व. शक्ति प्रसाद पाण्डेय व शकुन्तला पाण्डेय की पुत्री हैं। उनका विवाह देवेन्द्र मिश्रा के साथ हुआ, जो कतर एयरवेज में अधिकारी पद से रिटायर हो गए हैं। वे इस समय जर्मनी के एमस्टर्डम में हैं और कतर का फ्लाइंग जोन बंद होने के कारण अपने परिवार के पास वापस नहीं लौट पा रहे हैं। बस्ती में मां, भाई व अन्य परिजन चिंतित हैं। नरहरिया स्टेट निवासी शिवानी मिश्र दो दशक पहले पति देवेन्द्र मिश्र के साथ कतर शिफ्ट हो गए।
देवेन्द्र मिश्र कतर एयरवेज में अधिकारी रहे। क्रिकेट की शौकीन शिवानी मिश्रा ने कतर में क्रिकेट का बढ़ावा दिया। इस समय वह आईसीसी पैनल की अंपायर हैं और कतर खेल मंत्रालय में अधिकारी है। उनकी दो बेटियां शिवी मिश्रा और दिवी मिश्रा हैं। रिटायर्ड पति एमस्टर्डम में किसी कंपनी में कार्यरत हैं। कतर स्थित शिवानी मिश्रा के आवासीय कालोनी से करीब 70 किमी दूर अमेरिकी बेस पर ईरानी मिसाइलों का हमला हुआ है। एमस्टर्डम से देवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि फ्लाइंग जोन बंद होने के कारण कतर में वापसी कठिन हो रही है। बच्चे पूरी तरह से सुरक्षित है। फिर भी कतर सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। भारतीय एम्बेसी भी संपर्क में है। इंडिया से जाने वाली फ्लाइट को लौटा दिया गया है। बस्ती में मां शकुन्तला पाण्डेय, भाई कामाख्या पाण्डेय ने युद्ध के हालात में चिंता जताया है। उनका कहना है कि युद्ध की स्थिति को देखते मन को शांति नहीं मिल रही है। वहां पर स्थिति सामान्य है, लेकिन चिंता का भाव है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



