कोहरे के कारण हाईवे पर पलटी कार, सात लोग घायल
Basti News - संतकबीरनगर के बखिरा से देवा शरीफ दर्शन के लिए जा रही एक ईको कार कप्तानगंज थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज में भर्ती कराया गया और गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया।
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर के बखिरा से देवा शरीफ दर्शन के लिए जा रही एक ईको कार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिकौरा सानी कट के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया गया। हादसा रविवार सुबह करीब 8:15 बजे हुआ। ईको कार (संख्या यूपी 58 आर 2902) को हाफिज उस्मान गनी (35) पुत्र फैजुद्दीन, निवासी नौरो थाना बखिरा, जनपद संतकबीरनगर चला रहे थे।
उनके साथ राजकुमार (48) निवासी भटहट बाजार थाना गुलरिया, जनपद गोरखपुर, हाजी फैजुद्दीन (65), शकील अहमद (35), उम्मे कुलसुम (12), मोहम्मद इदरीश (35) और सलमा खातून (30) सवार थे। पिकौरा कट से पहले वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सभी सवार घायल हो गए। घायलों में हाजी उस्मान गनी और उम्मे कुलसुम को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान अत्यधिक कोहरे के कारण एक ट्रक (संख्या यूपी 53 ईटी 2768) आगे चल रहे एक वाहन से टकरा गया, जिससे ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर पलटी ईको को किनारे कराकर यातायात सुचारू कराया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




