
मृतक के नाम पर मनरेगा मजदूरी देने वाले रोजगार सेवक को शोकॉज
Basti News - बस्ती के विकास खंड कुदरहा की ग्राम पंचायत बगही में मनरेगा से जुड़े गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। मृत व्यक्ति के नाम पर जॉबकार्ड जारी कर कई वर्षों तक मजदूरी का भुगतान किया गया। ग्राम रोजगार सेवक को नोटिस जारी किया गया है। प्रशासनिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह एक गंभीर अनियमितता है।
बस्ती। विकास खंड कुदरहा की ग्राम पंचायत बगही में मनरेगा से जुड़े गंभीर अनियमितता के मामले का खुलासा होने के बाद बीडीओ ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में मृत व्यक्ति के नाम पर मनरेगा जॉबकार्ड जारी कर कई वर्षों तक मजदूरी भुगतान कराए जाने की पुष्टि हो चुकी है। इसके बाद ग्राम पंचायत बगही की ग्राम रोजगार सेवक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ग्राम पंचायत बगही निवासी दुखी की मौत चार दिसंबर 2001 को हो गई थी। इसके बावजूद उनके नाम पर वर्ष 2019 में मनरेगा जॉबकार्ड बना। संयुक्त जांच टीम ने बताया कि उनके नाम पर मनरेगा मजदूरी का भुगतान होता रहा।
जांच रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2021-22 में 28 मानव दिवस के आधार पर 5712 रुपये, वर्ष 2022-23 में 84 मानव दिवस पर 17,892 रुपये, वर्ष 2023-24 में 93 मानव दिवस पर 21,390 रुपये तथा वर्ष 2024-25 में 38 मानव दिवस पर 9006 रुपये भेजे गए। जांच में यह भी पाया गया कि मृतक के नाम पर भेजी गई मजदूरी उनके सगे भाई के खाते में भेजा गया। इस रुपये को आधार कार्ड के सहारे जनसेवा केंद्र से निकाल लिया गया। प्रशासनिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जॉबकार्ड जारी करने, मस्टररोल जारी कराने और मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया में ग्राम रोजगार सेवक की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में मृत व्यक्ति को जीवित दिखाकर रोजगार दिया जाना और उसके नाम पर भुगतान कराना गंभीर अनियमितता माना गया है। बीडीओ ने इस मामले में जवाब मांगा है। अन्यथा की दशा में कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




