खतरे के निशान से नीचे आई सरयू नदी, तेज हुई कटान
Basti News - सरयू नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है, जिससे नदी किनारे के गांवों में कटान शुरू हो गया है। जल आयोग के अनुसार, जलस्तर खतरे के निशान से 33 सेमी नीचे है। स्थानीय ग्रामीण चिंतित हैं, जबकि अधिकारियों का...
बस्ती। सरयू नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है। जलस्तर कम होने के साथ सरयू नदी ने अपने किनारों पर कटान शुरू कर दिया है। सरयू नदी के रौद्र रूप को देखते हुए किनारे पर बसे गांवों के ग्रामीण सहम गये हैं। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार गुरुवार को नदी का जलस्तर 92.40 मीटर रहा था। यह खतरे के निशान से 33 सेमी नीचे है। नदी के जलस्तर में हो रही कमी से किनारे बसे गांवों की आबादी में तेज कटान शुरू हो गयी है। बीडी व एलवी तटबंध के मध्य बसे संदलपुर में एक पक्के मकान के पास गुरुवार को कटान लगी।
कटान देखकर स्थानीय ग्रामीण सहम उठे। बता दें कि बाढ़ खंड संवेदनशील कटान स्थल पर एक माह से लगातार पाइकोपाइन और ब्रिक रोड़ा आदि डाल कर कटानरोधी कार्य कर रहा है। लेकिन नदी की धारा का रूख सीधा संदलपुर की तरफ बना हुआ है। कटान रोकने के लिए नदी में जो भी सामाग्री डाली जा रही है, वह तेज धारा में बह जा रही है। गांव की आबादी नदी और बंधे के बीच स्थित है, जो कटान और बाढ़ से सीधे प्रभावित है। इस संबंध में घघौवा बाढ़ चौकी पर तैनात जेई गौरव सिंह ने बताया कि जलस्तर गिरने से नदी की धारा तलहटी में कटान शुरू कर दिया है। बड़े पैमाने पर पाइकोपाइन लांच होने से कटान आंशिक रूप में है। ग्रामीणों को घबराने जरूरत नहीं है। कटान पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया जाएगा। बाढ़ प्रभावित अधिकांश गांवों में नदी का पानी हट चुका है। गांव में सिल्ट, कीचड़ और घास के सड़ने की दुर्गन्ध फैली है। किसान यूनियन के तहसील उपाध्यक्ष द्वारिकाप्रसाद पाण्डेय का कहना है कि ऐसे हालात में जन स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा के लिए टीम की सख्त आवश्यकता है। स्थानीय सीएचसी और राजकिय पशु चिकित्सालय पर तैनात डॉक्टर लापरवाही कर रहे हैं। सभी पशुओं का टीकाकरण नहीं हुआ है। अर्जुनपुर, संदलपुर, सरवरपुर और पिपरी संग्राम में तमाम पशुओं को लम्पी रोग से ग्रसित होने की जानकारी मिल रही है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




