Basti News: रामलीला में शिव धनुष भंग हुआ तो पाण्डाल में गूंजे जयकारे
Basti News: बस्ती के नियामतपुर, उदयपुर और बस्थनवा गांवों में दुर्गापूजा पंडालों में रामलीला का मंचन हो रहा है। नियामतपुर में धनुष यज्ञ और सीता स्वयंवर के प्रसंग ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। शिवधनुष टूटते ही पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। मंचन में अहल्या उद्धार और राम-सीता की पुष्पवाटिका में भेंट के दृश्य भी दिखाए गए।

Basti News: बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। विकास खंड क्षेत्र में नियामतपुर, उदयपुर, बस्थनवा में दुर्गापूजा पंडालों में भव्य मनोहारी रामलीला का मंचन चल रहा है। काफी संख्या में दर्शकों ने सीता स्वयंवर के प्रसंग का देख आनंदित का अनुभव किया। भगवान श्रीराम के शिवधनुष तोड़ने का दृश्य देख पाण्डाल में जय-जयकार होने लगा। नियामतपुर गांव में चल रही रामलीला में धनुष यज्ञ प्रसंग का मनोहारी मंचन हुआ। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को त्रेतायुग की याद दिला दी। शिवधनुष टूटते ही पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। मंचन में दिखाया गया कि मुनि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा करने के बाद उनके साथ प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण जनकपुर के लिए प्रस्थान करते हैं।
रास्ते में भगवान श्रीराम गौतम ऋषि के शाप से पत्थर बनी अहल्या का उद्धार कर उन्हें मुक्ति प्रदान करते हैं। जनकपुर पहुंचने के बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से राम और लक्ष्मण पुष्प लेने पुष्पवाटिका जाते हैं, जहां उनकी भेंट माता सीता से होती है। इसके बाद सीता स्वयंवर का दृश्य प्रस्तुत किया गया।

