मिठाई फैक्ट्री में सेफोलाइट मिलने से हड़कंप, होगा एफआईआर
Basti News - बस्ती में होली के त्योहार की तैयारी के दौरान, प्रशासन और पुलिस ने मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने 5 कुंतल नकली खोया और फंगस लगी मिठाई बरामद की। जांच के दौरान कई मिठाई फैक्ट्रियों से सैम्पल लिए गए और खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बस्ती, निज संवाददाता। होली के त्योहार को देखते हुए प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने खाद्य पदार्थों की दुकानों व मिठाई फैक्ट्रियों पर छापेमारी की। छापेमारी का नेतृत्व एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान किया। टीम ने पांच कुंतल नकली खोया और फंगस लगी मिठाईयों को बरामद किया। प्रमुख मिठाई फैक्ट्रियों काका मिठाई और श्रद्धा मिठाई के यहां पर कई सैम्पल लिए। एक मिठाई की दुकान में सेफोलाइट बरामद हुई, जो मिठाईयों को साफ करने में उपयोग की गई, जो खाद्य पदार्थ के लिए पूर्णतया प्रतिबंधित है। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान के साथ एएसपी श्यामकांत, एसडीएम सदर शत्रुहन पाठक, डीईओ चितरंजन कुमार सिंह, सीएफएसओ अनिल सिंह, फूड सेफ्टी ऑफिसर अंकिता व अन्य अधिकारियों की टीम हड़िया स्थित मिठाई की दुकान पर पहुंची।
यहां पर एक औद्योगिक रसायन सेफोलाइट का पैकेट मिला। टीम ने काका मिठाई, श्रद्धा स्वीट फैक्ट्री, नमकीन फैक्ट्री आदि की जांच की। जांच के दौरान फंगस लगी बड़े पैमाने पर मिठाई मिली। सभी दुकानों से विभिन्न प्रकार की मिठाईयों व अन्य खाद पदार्थों की सैम्पलिंग की गई। पांच कुंतल नकली खोआ मिला। यह खोआ मानव उपभोग के लिए पूरी तरह से असुरक्षित एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाया गया। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 34 के तहत 500 किलोग्राम फंगल युक्त खोया को जब्त कर लिया गया है। जब्त की गई सामग्री में से तीन सैंपलिंग की गयी। संबंधित दुकानदार के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


