रेलवे गेट संख्या 220 को रेल प्रशासन ने किया बंद, आक्रोश
Basti News - बस्ती में बभनान और गौर स्टेशन के बीच बढ़ौलीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर पास का निर्माण अंतिम चरण में है। रेलवे ने गेट बंद कर दिया, जिससे ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि गेट बंद होने से उन्हें बाजार जाने में कठिनाई होगी। रेलवे अधिकारियों ने उन्हें समझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।

बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। रेलवे स्टेशन बभनान और गौर स्टेशन के बीच बढ़ौलीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे अंडर पास का निर्माण अंतिम चरण में है, जिसके चलते रेलवे ने यहां के गेट को अस्थाई रूप से प्रशासन की अनुमति के बाद बंद किया। गेट बंद होने की जानकारी पर आसपास के गांव के ग्रामीण विरोध में लामबंद होकर क्रॉसिंग पर पहुंच गए और विरोध करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि अंडरपास चालू होने के बाद गेट को बंद किया जाए, जबकि रेल अधिकारियों ने बताया कि जब तक गेट बंद नहीं किया जाएगा, तब तक अंडरपास का निर्माण कार्य प्रभावित होगा।
विरोध करने वाले ग्रामीणों को बाद में रेल प्रशासन द्वारा समझाया गया, तब वह माने। इस दौरान घंटों अफरा-तफरी का माहौल रहा। नगर पंचायत बभनान के संत रविदास नगर वार्ड के सभासद शमशेर सिंह व पटेल नगर के सभासद आशीष कुमार की अगुवाई में काफी संख्या में ग्रामीण रेलवे गेट पर पहुंचे और विरोध करने लगे। आरपीएफ बभनान चौकी प्रभारी विश्वामित्र यादव सहित काफी संख्या में सुरक्षा बल भी मौके पर पहुंचे। विरोध करने वालों ने कहा कि गेट बंद होने से पटेल नगर वार्ड व संत रविदास नगर वार्ड के दर्जनों गांव के लोगों को बाजार आने-जाने में लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। इस बाबत रेलवे के आईओडब्ल्यू एसबी सिंह ने बताया कि समपार फाटक के बगल अंडरपास का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जो इसी सप्ताह चालू हो जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



