Basti News: सुबह सवेरे ब्रेकडाउन में गया कचहरी फीडर, 2000 घरों की बिजली गुल
Basti News: बस्ती के कचहरी फीडर में बुधवार सुबह अचानक फाल्ट होने से करीब 2000 घरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग की टीम ने चार घंटे तक फाल्ट तलाशने का प्रयास किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इससे घरेलू कामकाज और सरकारी कार्यालयों में भी बाधा उत्पन्न हुई।

Basti News: बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। 33 केवी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कचहरी फीडर में बुधवार सुबह करीब सात बजे अचानक फाल्ट आ गया। फीडर के ब्रेकडाउन में जाने से कचहरी, विकास भवन, आनंद नगर कटरा समेत दर्जनों मोहल्लों के करीब 2000 घरों, दुकानों और कार्यालयों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह-सुबह बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बिजली विभाग की टीम फाल्ट का पता लगाने के लिए करीब चार घंटे तक लाइन पर पेट्रोलिंग करती रही, लेकिन खराबी का स्थान पता नहीं चल सका। लाइन को कई बार चार्ज करने का प्रयास किया गया, लेकिन होल्ड नहीं होने के कारण आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
इसके बाद विभागीय टीम ने किसी तरह विकास भवन तक की लाइन को बहाल किया। इसके आगे की लाइन में फाल्ट तलाशने के लिए कर्मचारी पेट्रोलिंग में जुटे रहे।सुबह के समय बिजली कटौती से घरेलू कामकाज प्रभावित रहा। वहीं, कचहरी और विकास भवन जैसे प्रमुख सरकारी कार्यालयों में कामकाज भी प्रभावित होने की स्थिति बनी रही। दुकानदारों को भी बिजली नहीं होने से परेशानी हुई। बिजली पर निर्भर दुकानों और कार्यालयों में इन्वर्टर की बैटरी जवाब देने लगी। कई लोगों को मोबाइल और अन्य जरूरी उपकरण चार्ज करने के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फीडर में आए दिन तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बाधित होती रहती है। उनका कहना है कि सुबह के समय बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली गुल होने से सबसे अधिक परेशानी होती है। उपभोक्ताओं ने फीडर की लाइन की नियमित जांच और पुराने उपकरणों को बदलने की मांग की है, ताकि बार-बार होने वाले ब्रेकडाउन से राहत मिल सके। बिजली विभाग के कर्मचारियों के मुताबिक फाल्ट की तलाश की जा रही है। खराबी मिलने के बाद लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।


