टूटी सड़क है डंड़वा गांव की पहचान, ग्रामीणों को विकास का इंतजार
संक्षेप: Basti News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत डंड़वा में कुल
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत डंड़वा में कुल दो राजस्व गांव हैं। डंड़वा और मुस्तफाबाद। इस ग्राम पंचायत में करीब दो हजार वोटर हैं। आबादी करीब चार हजार है। गांव की पहचान वर्षों से टूटी गांव की प्रमुख सड़क बनी हुई है। नेशनल हाईवे से सटे गांव में सफाई के अभाव में गंदगी फैली रहती है। कई नालियां जाम हैं, गंदगी से भरी पड़ी हैं। जिसकी वजह से लोगों को जल निकासी की समस्या से जूझना पड़ता है। जगह-जगह गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है। गंदगी से लोगों को बीमारी होने का डर बना रहता है।
गांव के दक्षिण नेशनल हाईवे से निकला हुआ लिंक रोड गांव का मुख्य मार्ग है जो करीब 20 वर्ष पूर्व बना था। अब पूरी तरह से टूट कर बर्बाद हो चुका है। इसकी हालत सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। डंड़वा में हर घर जल योजना के तहत शुद्ध जल पानी के लिए पाइप लाइन तो बिछाई गई है। लेकिन लोगों तक पानी कब पहुंचेगा इसकी कोई जानकारी किसी को नहीं है। गांव के पूरब से नहर गई है। नहर की सड़क भी कच्ची सड़क है। बरसात में उस पर चलना जान जोखिम में डालने के बराबर होता है। गांव के पश्चिम एक बहुत बड़ा ताल है। जिसको सुंदरीकरण योजना के तहत अगर विकसित किया जाए तो एक पिकनिक स्पॉट बन सकता है। जिससे गांव के कई लोगों को रोजगार मिल सकता है। डंड़वा का ही एक राजस्व गांव मुस्तफाबाद है। वहां पर भी सुविधाएं पूरी तरह से बदहाल हो गई हैं। मुस्तफाबाद में कई स्थानों पर रास्ते ऐसे हैं कि वहां जल जमाव हो जाता है। कीचड़ भरे रास्ते से लोगों का मजबूरी में आना जाना पड़ता है। यहां की समस्या के निराकरण के लिए लोगों ने कई बार प्रयास किया पर केवल आश्वासन ही मिला। यहां पर ब्लॉक स्तर पर कार्य होना अति आवश्यक है। विद्यालय तक पहुंचने का नहीं है कोई मार्ग इस गांव में एक कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय है। विद्यालय तक पहुंचाने के लिए कोई सरकारी मार्ग नहीं है। बरसात के दिनों में विद्यालय परिसर में पानी भर जाता है। जिसकी वजह से बच्चों के पठन-पाठन में काफी परेशानी होती है। सफाई कर्मी विद्यालय नहीं आता है। जिसकी वजह से यहां की शिक्षकों को स्वयं के पैसे से विद्यालय परिसर में और शौचालय में सफाई करानी पड़ती है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व विद्यालय में सफाई को लेकर ही सफाई कर्मी ने वहां की एक शिक्षिका के साथ अभद्र व्यवहार किया था। जनपदीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था। सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की जरूरत इस गांव में वर्षों से रामलीला का आयोजन होता आ रहा है। जिसके लिए गांव के लोगों ने जन सहयोग से रामलीला मैदान में एक स्थाई स्टेज भी बनाया है। लेकिन अभी यहां और कार्य करने की आवश्यकता है। धीरे-धीरे रामलीला का मंचन समाज से समाप्त होता जा रहा है। ऐसे में अगर गांव के कुछ लोग इस परंपरा को जीवित रखे हुए हैं तो उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सरकार सहित जनप्रतिनिधियों को भी आगे आना चाहिए। गांव में मच्छरों का प्रकोप सफाई कर्मियों के मनमानी से धीरे-धीरे सड़क के किनारे गंदगी का ढेर लगता जा रहा है। ग्राम पंचायत में गंदगी और जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। गांव में फॉगिंग और छिड़काव न होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई बार लोगों ने इसकी मांग भी किया लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने नियमित सफाई के साथ ही छिड़काव की मांग किया है। शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे लोग गांव में हर घर नल योजना पहुंची तो है लेकिन जल अभी तक किसी घर नहीं पहुंचा। जिम्मेदार पाइप लाइन बिछाकर पानी की सप्लाई देना भूल गए हैं। अभी तक टंकी का निर्माण भी नहीं हुआ है। इस कारण लोग देशी और इंडिया मार्का हैंडपंप का ही पानी पी रहे हैं। जल जनित बीमारियों को आमंत्रण दे रहे हैं। दिन ढलते ही छा जाता है अंधेरा डंड़वा गांव में मार्ग प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है। किसी भी पोल पर स्ट्रीट लाइट न लगने के कारण रात होते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। बरसात के दिनों में लोग अंधेरे में बदहाल रास्तों से आने जाने को मजबूर होते हैं। रात होने पर लोग मनाते हैं कि किसी जरूरी काम से उन्हें बाहर न जाना पड़े। ग्राम प्रधान अनुराग ने कहा कि ग्राम पंचायत में वरीयता के आधार पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। गांव की गलियों में इंटरलॉकिंग कराकर लोगों को कीचड़ गंदगी से निजात दिलाया गया। अन्य कई और विकास कार्य कराए गए हैं। अधिकारियों से वार्ता करके जल्द ही अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे। विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि हमारी सरकार गांवों का लगातार विकास कर रही है। विधान सभा क्षेत्र के सभी ग्राम पंचायतों का विकास तेजी से कराया जा रहा है । जिस भी ग्राम पंचायत में जो कमी रह गई हो सम्बंधित प्रधान और ग्रामीण उससे अवगत कराएं, अधिकारियों को निर्देशित कर तत्काल सभी कार्यों को पूर्ण कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




