Basti News: समय माता मंदिर में हुई चोरी में शामिल दो गिरफ्तार
Basti News: बस्ती की हर्रैया पुलिस ने कोहले समय माता मंदिर में हुई चोरी का पर्दाफाश किया है। यहाँ से चोरी हुए दानपात्र, तीन लोटा और 31 घंटे बरामद किए गए। पुलिस ने दो आरोपियों रोहित और सुबाष को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की योजना में शामिल थे। धर्मस्थलों से चोरी की गई वस्तुओं का विवरण भी दिया गया है।

Basti News: बस्ती। थाना हर्रैया की पुलिस टीम ने कोहले समय माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का अनावरण करते हुए चोरी गए दानपात्र, छोटा-बड़ा तीन लोटा, बड़े-मध्यम आकार के 31 घंटा/घंटी व कुल 2,342 रुपये बरामद किया है। टीम ने दो अभियुक्तों रोहित शर्मा, निवासी एकडंगी, हर्रैया व सुबाष गिरी निवासी थाना खास, गोसाई पुरवा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए सामान व रुपया बरामद किया। एएसपी श्यामकांत ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसबी एकेडमी थाना खास के उत्तर तरफ निर्माणाधीन मकान के पास पुलिस टीम पहुंची, जहां तीन संदिग्ध पुलिस बल को देखकर चोरी के सामान को वहीं छोड़कर भागने लगे।
दौड़ाकर टीम ने दो लोगों को पकड़ लिया। जिनकी पहचान रोहित व सुबाष के रूप में हुई। दोनों ने बताया कि मुख्य सरगना फरार हो गया है। बताया कि समय माता मंदिर में कई लोटे चुराए थे जो तांबे व पीतल के थे। 20 लोटे राहगीरों व ट्रक ड्राइवरों को बेच दिया है। दो पात्र कोहले के समय माता मंदिर से व एक घंटा थानेश्वर मंदिर से चुराया था। शेष 30 घंटियां अलग-अलग मंदिरों से चुराकर लाया गया था। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हर्रैया संजय कुमार, एसआई दिनेश सिंह, सुरेंद्र यादव, कामेश्वर मिश्रा, हेड कांस्टेबल वरुण राय, कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव, अभिषेक वर्मा, आर्यप्रताप सिंह, चालक दीपराज यादव शामिल रहे।


