
शहर के चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी, चार गिरफ्तार, 14 लड़कियों को काउंसलिंग कर छोड़ा
Basti News - बस्ती, निज संवाददाता। पुलिस ने शहर में संचालित चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी की।
बस्ती, निज संवाददाता। पुलिस ने शहर में संचालित चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। बताया जाता है कि इन सेंटरों से करीब दो दर्जन युवक, युवतियों और संचालकों को हिरासत में ले लिया। इनमें से 14 लड़कियों को काउन्सलिंग कर छोड़ दिया गया तो चार संचालकों को गिरफ्तार कर लिया। बस्ती पुलिस की कई टीमों ने मंगलवार को सिविल ड्रेस में शहर के चार स्पा सेंटरों की जांच की। सादे ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम में पुरुष और महिला कर्मी शामिल रहीं। एक टीम में पांच पुरुष और दो महिलाएं थीं। रोडवेज के आसपास के एक सेंटर पर पुलिस की सात सदस्यीय टीम दो वाहनों से पहुंची थी।
टीम ने वाहन थोड़ी दूरी पर खड़ा किया और सभी स्पा सेंटर में प्रवेश कर गए। लोग बताते हैं कि पुलिस कर्मियों की टीम इस स्पा सेंटर में करीब दो घंटे तक रही। वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। दो घंटे बाद पुलिस टीम यहां से चार लड़कियों, एक संचालक, दो ग्राहक की तरह दिखने वाले लोगों को एक-एक कर अपने साथ ले गई। सूत्र बताते हैं कि इसी प्रकार पुलिस की अन्य टीमें भी सिविल ड्रेस में हड़िया, मालवीय रोड और बड़ेवन स्थित स्पा सेंटरों पर पहुंची। यहां से भी संचालकों, युवतियों और कुछ ग्राहकों को अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि ग्राहकों, संचालकों, स्पा सेंटर वर्करों की कुल संख्या करीब दो दर्जन थी। बस्ती पुलिस ने बताया कि छापेमारी में एसओजी, स्वाट, व सर्विलांस टीम ने मालवीय रोड पर सत्येन्द्र होटल के बगल स्थित ब्लू हेवेन स्पा, रोडवेज चौराहे पर स्थित रुद्रा स्पा, बड़ेवन पर स्थित मिलाया स्पा और हड़िया चौराहे पर स्थापित रुद्रा स्पा की जांच की। इन स्पा सेंटरों को संचालित करने वाले चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके स्पा सेंटरों से 14 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया जिनके द्वारा पूछताछ के दौरान बताया गया कि वे सभी अलग-अलग जनपदों की रहने वाली हैं जिन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचवाया गया। गिरफ्तार संचालकों में राहुल कालिया पाण्डेय निवासी आलमपुर थाना पिलखुआ जनपद हापुड़, दीपक यादव निवासी नेदुला थाना कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर, विक्की चौहान निवासी चक्सा हुसैन पचपेड़वा थाना गोरखनाथ जनपद गोरखपुर और मनोज कुमार जायसवाल निवासी सिधवारी थाना फरेंदा जनपद महराजगंज शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




