लौटाए गए गाजी मियां के निशान के साथ पहुंचे जायरीन
Basti News - गायघाट में गाजी मियां के मेले में शामिल होने के लिए आए जायरीन को कलवारी पुलिस ने वापस लौटा दिया। बहराइच में मेले पर रोक के कारण स्थानीय मेले पर भी रोक लगाई गई। पिछले साल मेला नहीं हुआ था और इस साल जायरीन धार्मिक कार्यक्रम करने पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें वापस घर जाने के लिए कहा।

गायघाट, हिन्दुस्तान संवाद। बहराईच में आयोजित होने वाले गाजी मियां के मेले में शामिल होने के लिए नगर पंचायत गायघाट में जमा हुए जायरीन को कलवारी पुलिस ने वापस लौटा दिया और मेला स्थल को खाली करा लिया। जायरीन अपने साथ लाए निशान के साथ वापस लौट गए। नगर पंचायत गायघाट में हर साल गाजी मियां के गुरखेत मेले का आयोजन किया जाता रहा है। यहां पर जमा होने के बाद जायरीन बहाराइच मेले के लिए रवाना होते हैं। बहराइच के मुख्य मेले पर रोक के बाद से स्थानीय मेले पर भी पुलिस ने रोक लगा रखी है। पिछले वर्ष गायघाट में मेला नहीं लगा था।
इस साल अचानक आसपास गांव के जायरीन गाजी मियां के निशान के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे और निशान को वहां लगाकर फातिहा आदि धार्मिक कार्यक्रम शुरू कर दिया। इस बात की जानकारी जब गायघाट चौकी इंचार्ज राकेश मिश्रा को हुई तो वह स्थानीय सभासदों व संभ्रांत लोगों के साथ वहां पहुंचे और जायरीन से कहा कि बहराइच मेले पर रोक के बाद स्थानीय मेलों पर भी रोक लगा दी गई है, वह लोग वापस घर चले जाएं। इसके बाद जायरीन वापस हो लिए। स्थानीय लोगों का कहना था कि गुरखेत का मेला सैकड़ों वर्षो से आयोजित होता रहा है। यहां मेले में करीब 40 गांव के हजारों की संख्या में जायरीन निशान लेकर पहुंचते थे। झाड़फूंक और फातिहे की रस्म होती थी। तरबूज-खरबूज की बड़ी मंडी लगती थी। इस बाबत चौकी इंचार्ज ने बताया कि करीब 15 दिन पहले ही लोगों को सूचित कर दिया गया था कि मेले के आयोजन की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद कुछ लोग मेला स्थल पर पहुंचकर निशान लगाकर फातिहा करने लगे थे। पुलिस के समझाने पर सभी लोग शांतिपूर्वक वापस लौट गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


