हाईकोर्ट के आदेश पर पति समेत चार पर केस
Basti News - बस्ती के कप्तानगंज में एक महिला को बेहोश कर जबरन गर्भ जांच कराई गई और भ्रूण के लिंग का पता चलने पर गर्भपात कराया गया। पति और ससुराल पक्ष पर आरोप है कि महिला ने जांच से मना किया तो उसे मारपीट का सामना करना पड़ा। हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बस्ती। नगर पंचायत कप्तानगंज में महिला को बेहोश कर जबरन गर्भ जांच कराने और भ्रूण के लिंग का पता चलने पर गर्भपात कराने के मामले में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश पर की गई है। मामला जनवरी 2025 का बताया जा रहा है। विवेचना एसआई वीरेन्द्र कुमार सरोज कर रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह कप्तानगंज निवासी शिवम चौधरी से हुआ था। जनवरी 2025 में वह गर्भवती हुई। चार माह का गर्भ होने पर पति और ससुराल पक्ष ने भ्रूण की जांच कराने का दबाव बनाया।
जांच से इनकार करने पर पति व परिवार के सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की और उसे बेहोश कर दिया। आरोप है कि बेहोशी की हालत में जबरन गर्भ की जांच कराई गई, जिसमें भ्रूण के लड़की होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया गया। पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस घटना की जानकारी अपनी मां और भाई को दी तो पति, सास और देवर ने गाली-गलौज व मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न किए जाने पर पीड़िता ने हाईकोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कप्तानगंज पुलिस ने पति शिवम चौधरी सहित कृष्णा, आलोक मौर्य और अमन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




