Basti News: नपा के ओटीएस में 309 ने किया आवेदन
Basti News: बस्ती में नगर पालिका ने बकायेदारों के लिए ओटीएस योजना लागू की है, जिसका लाभ उठाने के लिए अब तक 309 आवेदन आ चुके हैं। योजना की अवधि 15 अगस्त को शुरू हुई थी, और इसमें हाउस टैक्स और वाटर टैक्स के बकायेदार शामिल हैं। 14 नवंबर तक आवेदन दिए जाएंगे।

Basti News: बस्ती, निज संवाददाता। नगर पालिका के बकायेदारों को ब्याज माफी का लाभ देने के लिए शुरू की गई वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना में शहरवासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। योजना शुरू हुए करीब डेढ़ माह में अब तक 309 से अधिक बकायेदार आवेदन कर चुके हैं। योजना का लाभ लेने के लिए बकायेदार प्रतिदिन वार्डवार लगाए जा रहे कैंप में पहुंचकर आवेदन कर रहे हैं। नगर पालिका के अनुसार, हाउस टैक्स और वाटर टैक्स के बड़ी संख्या में बकायेदार हैं। इनमें कई ऐसे हैं, जिन्होंने तीन से पांच साल या उससे अधिक समय से कर जमा नहीं किया है। ऐसे बकायेदारों को ब्याज में राहत देने के लिए शासन ने 15 अगस्त को ओटीएस योजना लागू की है।
ईओ अंगद गुप्ता ने बताया कि बकायेदार ओटीएस योजना का लाभ लेने में रुचि दिखा रहे हैं। शहरवासियों की सुविधा के लिए वार्डवार कैंप लगाए जा रहे हैं। अब तक ओटीएस के तहत 23.5 लाख रुपये की डिमांड आ चुकी है, जबकि 7.5 लाख रुपये से अधिक नगर पालिका के कोष में जमा हो चुके हैं। योजना के तहत बकायेदारों को 14 नवंबर तक ओटीएस पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके बाद नगर पालिका की ओर से 15 दिसंबर तक आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा।


