स्थानांतरण के बाद स्टॉफ नर्स के बर्खास्तगी की तैयारी
बस्ती, निज संवाददाता। जबरदस्ती प्रसव कराने के दौरान नवजात का सिर व धड़

बस्ती, निज संवाददाता। जबरदस्ती प्रसव कराने के दौरान नवजात का सिर व धड़ अलग होने की घटना से चर्चा में आई सीएचसी कुदरहा में तैनात रही संविदा स्टॉफ नर्स कुसुम सिंह के बर्खास्तगी की तैयारी स्वास्थ्य विभाग ने कर ली है। शिकायत के बाद उसे सीएचसी से हटाकर टीबी हॉस्पिटल में संबद्ध कर दिया गया था। स्टेट से आई टीम ने घटना की जांच किया है, उसकी रिपोर्ट आनी बाकी है।सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टॉफ नर्स को वहां से हटा दिया गया था। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में घटना पर हुई चर्चा के बाद समिति ने स्टॉफ नर्स की बर्खास्ती की संस्तुति कर दी है।
जल्द ही उसकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी। कुदरहा ब्लॉक क्षेत्र के मुरादपुर गांव की एक गर्भवती को प्रसव के लिए आठ अप्रैल को सीएचसी कुदरहा, बनरहा लाया गया था। उस समय नवजात का पैर बाहर आ गया था। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद स्टॉफ नर्स कुसुम सिंह ने एंबुलेंस में ही जबरदस्ती प्रसव कराने का प्रयास किया, जिसमें बच्चे का शरीर तो बाहर आ गया, लेकिन उसका सिर अंदर रह गया।मेडिकल कॉलेज बस्ती में ऑपरेशन के बाद सिर निकाला गया। घटना को पहले छुपाने का प्रयास किया गया। घटना के चार दिन बाद मामला खुल गया और घटना मीडिया की सुर्खियां बन गई। घटना की जानकारी जब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को हुई तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। डिप्टी सीएम के निर्देश पर स्टेट से दो सदस्यीय टीम जांच के लिए पहुंची तो स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। अपनी गर्दन बचाने के लिए आनन-फानन में स्टॉफ नर्स को वहां से हटाकर टीबी हॉस्पिटल में संबद्ध कर दिया गया। अब उसकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई शुरू हो गई है।


