सायरन बजते ही बुझ गई लाइट, 30 मिनट रहा ब्लैक आउट
Basti News - बस्ती में नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को कंपनी बाग क्षेत्र में ब्लैक आउट का मॉकड्रिल किया गया। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस मॉकड्रिल ने जनसामान्य को ब्लैकआउट के महत्व और आपात स्थिति में सावधानियों के बारे में जागरूक किया।

बस्ती, निज संवाददाता। नागरिक सुरक्षा एवं आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने के लिए शुक्रवार शाम शहर के कंपनी बाग क्षेत्र में ब्लैक आउट का मॉकड्रिल किया गया। ब्लैक आउट का नेतृत्व एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती और एएसपी श्यामकांत ने किया। इस मॉकड्रिल के माध्यम से जनता को जागरूक किया गया। इस दौरान करीब 30 मिनट तक शास्त्री चौक से कंपनी बाग तक लाइटें बंद रहीं। एसडीएम सदर शत्रुहन पाठक, प्रभारी अधिकारी नागरिक सुरक्षा राजेश यादव, सीओ सतेन्द्र भूषण तिवारी, पीडी राजेश कुमार के साथ कोतवाली सहित काफी संख्या में पुलिस कर्मी, स्थानीय नागरिक मार्च में भागीदारी की।
इस दौरान मार्च करते हुए लोगों ने आम जनमानस को ब्लैकआउट के महत्व, युद्ध व हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं नागरिकों के सहयोग करने की अपील की। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान ने कहा कि ब्लैक आउट एक महत्वपूर्ण नागरिक सुरक्षा उपाय है, जिसके तहत सायरन बजने पर घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं वाहनों की सभी लाइटें पूर्णतः बंद कर दी जाती हैं। खिड़कियों पर मोटे पर्दे या काले कपड़े लगाए जाते हैं। किसी भी प्रकार का प्रकाश बाहर नहीं निकले, यह सुनिश्चित किया जाता है। इसका उद्देश्य संभावित हवाई हमले में दुश्मन को लक्ष्य निर्धारित करने में कठिनाई उत्पन्न करना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस अधिकारियों ने जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह मॉकड्रिल केवल जागरूकता एवं तैयारी का अभ्यास है, जिसमें किसी भी प्रकार का भय या अफवाह फैलाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अपील की इस प्रकार की स्थिति आने पर निर्धारित समय पर सभी नागरिक शांतिपूर्वक सहयोग करें, लाइटें बंद रखें तथा आपात स्थिति में पुलिस, सिविल डिफेंस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। यह अभियान जनपद में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने एवं आपदा व आपात स्थिति में समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मार्च में डीएसओ, सेक्टर वार्डेन नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखण्ड डॉ. कुलदीप सिंह, जी. रहमान, अब्दुल हलीम, देव नारायण पाठक, काजी फरजान, गुलाम मुस्तफा, रंजीत रंजन, गौतम बबिता, जम्बोत्री चौधरी, प्रताप शंकर पाण्डेय, अनूप सिंह, विजय कश्यप, पूजा पाण्डेय के साथ अग्निशमन विभाग, स्काउट गाइड वालंटियर्स, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, एनसीसी वालंटियर्स की सहभागिता रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




