शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग, सामान जला
Basti News - बस्ती के गड़हा दलथम्मन गांव में मंगलवार रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से चंद्रिका सिंह के घर में भीषण आग लग गई। आग लगने के समय परिवार सो रहा था। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से बढ़ गई। सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जल चुका था।
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। पैकोलिया थानाक्षेत्र के गड़हा दलथम्मन गांव में मंगलवार/बुधवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से चंद्रिका सिंह के रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है, जब परिवार के लोग घर में सो रहे थे। बताया जाता है कि अचानक चंद्रिका सिंह के कमरे में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख घर में अफरा-तफरी मच गई। चंद्रिका सिंह ने किसी तरह कमरे से बाहर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद गांव के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना 112 पीआरवी पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के काफी समय बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक घर में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो चुकी थीं। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पूरा घर और उसमें रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया था। परिवार के लोगों के अनुसार आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई की। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




