बस्ती के डमरुवा जंगल में लगी भीषण आग, 75सौ पेड़ जले
Basti News - बस्ती के डमरूवा जंगल में शनिवार को आग लग गई, जिससे लगभग 105 बीघा क्षेत्र में 7500 पेड़-पौधे जल गए। आग लगने से जंगल में रहने वाले कई जीव-जंतु भी प्रभावित हुए। वन विभाग और फायर ब्रिगेड ने लगभग छह घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है।

बस्ती, निज संवाददाता। शहर से सटे डमरूवा जंगल में शनिवार को आग लग गई। भीषण आग से लगभग 105 बीघा क्षेत्र में फैले जंगल में करीब 7500 पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। जंगल में रहने वाले कई जीव-जंतु भी आग की चपेट में आ गए। आग की लपटें और धुआं उठने पर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमों ने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वन विभाग के रेंजर अजय सिंह ने बताया कि जंगल का कुल क्षेत्रफल लगभग 15 हेक्टेयर है। इस जंगल में कंजी, नीम, शीशम सहित अन्य प्रजातियों के लगभग 75 सौ पेड़ लगाए गए हैं।
अधिकतर पेड़ बड़े और पुराने हैं। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। उन्होंने बताया कि विभाग के दर्जनभर से अधिक कर्मचारी आग बुझाने में जुटे रहे। फायर ब्रिगेड की दो टैंकर गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन पानी समाप्त होने के कारण कई बार टैंकरों में दोबारा पानी भरकर आग बुझानी पड़ी। जंगल ज्यादा घना होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अंदर तक नहीं जा सकी, जिससे आग पर नियंत्रण पाने में देरी हुई। वहीं बड़े पेड़ों को नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन जंगल की अधिकांश झाड़ियां व छोटे पेड़ जल गए। वन विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच का निर्देश दिया है। रेस्क्यू कर छोड़े जाते हैं अजगर, हिरन व अन्य जंगली जीव वन बिहार के पास फैले डमरूआ जंगल का क्षेत्रफल लंबा और घना है। बस्ती जनपद में बड़े पैमाने पर अजगर और हिरन पाए जाते हैं। आए दिन अजगर और हिरन मिलने की खबरें आती हैं। वन विभाग की टीम इनका रेस्क्यू कर डमरूआ जंगल में लाकर छोड़ती है। यह जंगल अजगरों व हिरनों के लिए सुरक्षित माना जाना है। सर्पमित्रों की ओर से पकड़े जाने वाले सांपों को भी यहीं पर लाकर छोड़ा जाता है। जंगली जानवर घनी झाड़ियों में छिपे रहते हैं और अपना शिकार करते हैं। अब झाड़ियों का अधिकांश हिस्सा जल गया है। कुछ जंगली जानवरों के भी जलने की बात कही जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



