34 हजार विद्यार्थियों ने किया वंदे मातरम का सामूहिक गायन
Basti News - बस्ती में शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। 36 विद्यालयों के 34,000 छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीआईजी संजीव त्यागी ने किया। बच्चों ने राष्ट्र प्रेम के साथ वंदे मातरम् गाया और मां भारती को नमन किया।
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। शहर का शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम एक ऐतिहासिक आयोजन का गवाह बना। मौका था वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य पर सामूहिक गायन कार्यक्रम का। इसमें जनपद के 36 विद्यालयों के 34000 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। देश भक्ति से ओत-प्रोत होकर राष्ट्र प्रेम के महामंत्र वंदे मातरम् का सामूहिक गायन करते हुए मां भारती को नमन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक, सीआरओ व अन्य अतिथियों ने दीप जलाकर किया। वन्देमातरम् सार्धशती उत्सव आयोजन समिति के इस महामहोत्सव में सोमवार को मानो पूरा शहर भक्तिमय हो गया।

सुबह से ही विभिन्न स्कूलों के बच्चे भारत माता का जयघोष करते हुए स्टेडियम की तरफ समूह में बढ़ने लगे। पूर्वाह्न 11 बजते-बजते समूचा स्टेडियम परिसर स्कूली बच्चों से भर गया। सामूहिक गायन से पूर्व वन्देमातरम एवं राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर परिचर्चा हुई। कार्यक्रम की भूमिका व इस महोत्सव के उद्देश्य पर बच्चों को संबोधित करते हुए कैलाशनाथ दुबे ने कहा कि वंदे मातरम राष्ट्र की नवचेतना का गान है और यह मां भारती के लिए सर्वस्व समर्पण का प्रेरक महामंत्र है। वंदे मातरम भारत माता के प्रति समर्पण, श्रद्धा और प्रेम का प्रतीक है। मुख्य अतिथि डीआईजी ने कहा कि जननी और जन्मभूमि दोनों माता के समान हैं, इस धरती माता इसलिए कहते हैं क्योंकि यह हमारा भरण पोषण करती है। युवाओं से अपील किया कि वे देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक ने वंदे मातरम् के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की चेतना को जागृत करने वाली एक भावपूर्ण वंदना है। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी आदि मंच पर उपलब्ध रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश मिश्र ने किया। कर्नल केसी मिश्र, अखिलेश दूबे, सुशील मिश्र, डॉ. रोहन दूबे, अतुल चित्रगुप्त, मनीष सिंह, रमेश सिंह, डॉ. शैलेष सिंह, भोलानाथ चौधरी, मनीष सिंह, चन्द्रभान सिंह, अभिनव उपाध्याय, अर्पित गौड़, ओमकार मिश्र, हर्ष मिश्र, अंकुर यादव, अनुराग शुक्ल, सच्चिदानंद पाण्डेय, पंकज त्रिपाठी व अन्य मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




