नियम विरुद्ध मांगा तीन सिलेंडर, मना किया तो पीटा
Basti News - बस्ती में एलपीजी गैस की बढ़ती मांग के कारण एक गैस एजेंसी पर हंगामा हुआ। बिना कनेक्शन और बुकिंग सिलेंडर देने से मना करने पर एक व्यक्ति ने कार्यालय में घुसकर नारेबाजी की और मारपीट की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बस्ती। एलपीजी गैस की बढ़ी डिमांड के बीच नौबत अब मारपीट तक पहुंचने लगी है। बिना कनेक्शन व बुकिंग सिलेंडर देने से मना करने की बात को लेकर गैस एजेंसी पर हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गैस एजेंसी के दफ्तर में घुसकर नारेबाजी शुरू की दी। मना करने पर मारपीट कर जानमाल की धमकी दी। कोतवाल मोतीचंद राजभर ने बताया कि गैस एजेंसी के मैनेजर की तहरीर पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के पटेल चौक पर सन गैस सर्विस का कार्यालय स्थित है। एजेंसी के मैनेजर सौरभ सिंह निवासी पचपेड़िया थाना पुरानी बस्ती ने तहरीर देकर बताया है कि एक व्यक्ति गैस एजेंसी पर पहुंचा।
उसने तीन एलपीजी गैस सिलेंडर की मांग की। इस पर उनसे कनेक्शन नंबर देने के लिए कहा गया। लेकिन वह कनेक्शन नंबर नहीं उपलब्ध करा पाया तो बताया कि बिना कनेक्शन व बुकिंग के गैस सिलेंडर नहीं दिया जा सकता। इस बात पर वह भड़क गया और कार्यालय के अंदर घुस गया और नारेबाजी शुरू कर दी। उसे ऐसा करने से मना किया तो मारपीट करने लगा। साथ ही अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सूर्यमणि पांडेय निवासी हर्दिया बुजुर्ग थाना कोतवाली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच एसआई रामअशोक यादव को सौंपी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


