कांवड़ यात्रा : फोरलेन पर कांवडियों का दबाव अभी कम, डायवर्जन प्वाइंट पर मिल रही थोड़ी छूट
बस्ती में कांवड़ यात्रा 19 जुलाई से शुरू हुई। बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर ट्रैफिक डायवर्जन सुबह 8 बजे से लागू किया गया। अच्छी धूप के कारण कांवड़ियों की संख्या कम रही। 24 जुलाई तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा।...
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। जिले में कांवड़ यात्रा 19 जुलाई यानी शनिवार से शुरू हो गई। इसके साथ ही बस्ती-अयोध्या फोरलेन से लेकर शहर में भदेश्वरनाथ मंदिर को जाने वाले सभी मार्गों पर रूट डायवर्जन सुबह आठ बजे से प्रभावी कर दिया गया। लेकिन शनिवार की सुबह से ही अच्छी धूप निकलने के कारण कांवड़ियों की संख्या फोरलेन पर काफी कम रही। इसके चलते डायवर्जन प्वाइंट पर अयोध्या की तरफ जाने वाले वाहनों को थोड़ी छूट मिल गई। दूसरी तरफ अयोध्या की तरफ से भी वाहनों का आवागमन पूर्वाह्न 11 बजे तक जारी रहा। फोरलेन पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ ही डायवर्जन को लेकर सख्ती बढ़ा दी जाएगी।
24 जुलाई की सुबह आठ बजे तक डायवर्जन फोरलेन पर प्रभावी रहेगा। कमिश्नर अखिलेश सिंह, डीआईजी संजीव त्यागी, डीएम रवीश गुप्ता व एसपी अभिनंदन शनिवार की सुबह से ही कांवड़ यात्रा को लेकर सक्रिय नजर आए। ड्यूटी चेक करने के साथ ही डायवर्जन प्वाइंट और अन्य इंतजामों का जायजा लेते नजर आए। बस्ती शहर में शनिवार की सुबह से ही भदेश्वरनाथ मंदिर की तरफ जाने वाले वाहनों को आवश्कतानुसार डायवर्ट करने की व्यवस्था लागू कर दी गई। बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर डायवर्जन प्लान - लखनऊ से बस्ती, गोरखपुर की ओर आने वाले वाहनों को बाराबंकी से ही रोककर जरवल रोड, करनेलगंज, गोण्डा, उतरौला, डुमरियागंज होते हुए गन्तव्य को डायवर्ट कर दिया जाएगा। - अयोध्या से बस्ती, गोरखपुर की ओर आने वाले वाहनों अयोध्या से लोलपुर होते हुए कटरा, लकड़मण्डी, नवाबगंज, गोण्डा, डुमरियागंज से गन्तव्य के लिए रवाना होंगे। - गोरखपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को खलीलाबाद से डायवर्ट कर मेंहदावल रोड होते हुए बांसी, डुमरियागंज, उतरौला होकर आगे निकाला जाएगा। - बस्ती जिले से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को बड़ेवन फ्लाईओवर के नीचे से मनौरी- भानपुर- डुमरियागंज के रास्ते आगे को भेजा जाएगा। फुटहिया फ्लाईओवर से वाहनों को कलवारी होते हुए टाण्डा अम्बेडकरनगर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। - अम्बेडकरनगर-टाण्डा की ओर से जनपद बस्ती की तरफ आने वाले वाहनों को कलवारी चौराहे से गायघाट, कुदरहा, लालगंज होते हुए संतकबीरनगर के लिए डायवर्ट किया जाएगा। - बस्ती शहर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को अस्पताल चौराहा से सोनूपार, महादेवा से कुदरहा वाया रामजानकी मार्ग से कलवारी, टांडा से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के रास्ते आगे को भेजा जाएगा। - बस्ती जनपद में मुंडेरवा से वाहनों को महादेवा, कुदरहा होते हुए रामजानकी मार्ग से कलवारी, टांडा के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर भेजा जाएगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


