
नायब तहसीलदार के सामने गांववालों का हंगामा
Basti News - बस्ती के विक्रमजोत विकासखंड के रिक्खीपुर ग्राम पंचायत में मतदाता सूची में धांधली की शिकायत पर प्रशासन ने जांच शुरू की। नायब तहसीलदार ने 250 फर्जी मतदाताओं के नामों की जांच की। दोनों पक्षों के बीच बहस के चलते तनाव बढ़ा, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। कुछ नाम मृतक और डुप्लीकेट पाए गए हैं।
बस्ती। विकासखंड विक्रमजोत के रिक्खीपुर ग्राम पंचायत में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली की शिकायत के बाद मंगलवार को प्रशासन ने जांच शुरू की। डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार शौकत अली टिकरिया प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां 250 फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल होने की जांच की गई। सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता हनुमत पांडेय और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गहमा-गहमी के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को बिगड़ता देख नायब तहसीलदार ने तुरंत पुलिस बुलाई। मौके पर चौकी इंचार्ज शशिशेखर सिंह और बाद में छावनी थानाध्यक्ष चंदन कुमार दलबल के साथ मुस्तैद रहे।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि आसपास के गांवों के करीब 250 लोगों के नाम गलत तरीके से सूची में जोड़े गए हैं। नायब तहसीलदार शौकत अली ने बताया कि एसडीएम हर्रैया के आदेश पर ग्रामीणों की मौजूदगी में सत्यापन किया गया। जांच में कुछ नाम मृतक और कुछ दोहराव (डबल) वाले पाए गए, जिन्हें हटाने के लिए चिह्नित किया गया है। हालांकि, प्रशासन के अनुसार शेष अधिकांश नाम सही मिले हैं। इस अवसर पर कानूनगो दिनेश मिश्रा, लेखपाल अजय तिवारी, बीएलओ उषा रानी शर्मा सहित राजस्व टीम और काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




