पीएमओ में हुई शिकायत तो जल बोर्ड की टीम ने लिया पानी का नमूना
Basti News - बस्ती के बहादुरपुर ब्लॉक के अठदमा गांव में चंदो ताल के आस-पास जल के दूषित होने की आशंका को लेकर जांच शुरू की गई है। केंद्रीय भूजल बोर्ड की टीम ने जल के नमूने एकत्र किए हैं। ग्रामीणों ने पानी की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी, जिससे त्वचा रोग और अन्य बीमारियाँ बढ़ रही हैं।

बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। विकास खंड बहादुरपुर के अठदमा गांव में स्थित चंदो ताल और उसके किनारे बसे दर्जनों गांवों में संभावित दूषित जल की आशंका को लेकर जांच शुरू हुई है। यह जांच प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे गए पत्र को संज्ञान में लेते हुए केंद्रीय भूजल बोर्ड (लखनऊ) के वैज्ञानिकों टीम ने रविवार को शुरू किया। टीम ने भूजल तथा सतही जल के नमूने एकत्र किए। बहादुरपुर ब्लॉक के अठदमा में लगभग 750 एकड़ क्षेत्रफल में फैला चंदों ताल इलाके का प्रमुख जल स्रोत है। इसके चारों ओर दर्जनों गांव बसे हुए हैं। जहां बड़ी आबादी पेयजल के लिए हैंडपंप और अन्य स्थानीय जलस्रोतों पर निर्भर है।
हाल के दिनों में ग्रामीणों ने जल की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी। लोगों का कहना है कि पानी के उपयोग से त्वचा रोग, पेट संबंधी समस्याएं और अन्य जलजनित बीमारियों की शिकायतें बढ़ी हैं। इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायती पत्र भेजा गया था। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए केंद्रीय भूजल बोर्ड, लखनऊ को ग्राउंड वॉटर और सर्फेस वॉटर के नमूनों की जांच का निर्देश दिया। केंद्रीय भूजल बोर्ड के वैज्ञानिक टीम चंदों ताल पहुंची। टीम के वैज्ञानिकों ने अठदमा में स्थित इंडिया मार्का हैंडपंप से भूजल के नमूने लिए। इसके अलावा फूलवरिया पांडेय सहित अन्य स्थानों से सतही जल के नमूने भी एकत्र किए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



