जांच में फर्जी मिला दो पीआरडी जवानों का अंकपत्र, केस दर्ज
बस्ती। जिले में तैनात दो पीआरडी जवानों को स्थायीकरण के लिए न्यायालय की शरण

बस्ती। जिले में तैनात दो पीआरडी जवानों को स्थायीकरण के लिए न्यायालय की शरण लेना भारी पड़ गया। प्रमाणपत्रों की जांच में दोनों के अंकपत्र फर्जी पाए जाने के बाद उनके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया गया है।यह कार्रवाई जिला युवा कल्याण अधिकारी की तहरीर पर की गई। युवा कल्याण विभाग में कार्यरत पीआरडी जवानों का विभागीय अनुमोदन किया जा रहा था। किसी कारणवश सलेमपुर कुंवर निवासी सुरेश कुमार तथा सिरसिहवा थाना परसरामपुर निवासी केदारनाथ का अनुमोदन नहीं हो सका। विभागीय स्तर पर प्रयासों के बावजूद मामला हल नहीं होने पर दोनों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने प्रकरण का निस्तारण करते हुए दोनों को कार्य पर रखने का निर्देश दिया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन से पूर्व आवेदकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच कराई गई। जांच में सुरेश कुमार और केदारनाथ के अंकपत्र फर्जी पाए गए। उन्होंने बताया कि फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति या अनुमोदन संभव नहीं है। वहीं न्यायालय का आदेश भी प्राप्त था। ऐसी स्थिति में दोनों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराते हुए पूरी रिपोर्ट न्यायालय को भी भेज दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


