Basti News: 2.40 करोड़ से नगर पालिका क्षेत्र में होंगे सड़क-नाली के काम
Basti News: बस्ती में नगर पालिका के 26 वार्डों में सड़क, नाली और जलनिकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए विकास कार्यों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद ने इस कार्य के लिए 2.40 करोड़ रुपये का टेंडर आमंत्रित किया है, जिससे जलभराव और खराब सड़कों की समस्या को हल किया जाएगा।

Basti News: बस्ती, निज संवाददाता। नगर पालिका क्षेत्र के 26 वार्डों में सड़क, नाली और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्यों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद ने इन कार्यों के लिए 2.40 करोड़ से अधिक की लागत के टेंडर आमंत्रित किए हैं। काम पूरा होने के बाद विभिन्न वार्डों के लोगों को जलभराव और खराब सड़कों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका परिषद 14वें वित्त आयोग में अर्जित ब्याज, 15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट और मुख्यमंत्री नगरीय नवोन्मेष योजना के तहत अलग-अलग विकास कार्य कराएगी। इसके लिए वार्डवार कार्य चिह्नित किए गए हैं।
इनमें सड़क निर्माण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नाली निर्माण और जलनिकासी से जुड़े कार्य शामिल हैं। नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्डों में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या रहती है। नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने और पुरानी नालियों के क्षतिग्रस्त होने से बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। वहीं, कई स्थानों पर सड़कें खराब होने से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार प्रस्तावित कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाएगा। कार्यदायी संस्थाओं और ठेकेदारों को काम शुरू होने के बाद दो से तीन माह के भीतर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।


