Basti News: झमाझम बारिश से राहत, सड़कों व गलियों में भरा पानी

हिन्दुस्तान, बस्ती
Follow us on Google News
share

Basti News: बस्ती में बारिश ने उमस और गर्मी को कम किया, लेकिन जल निकासी की समस्या उजागर की। कई सड़कों और मोहल्लों में पानी भर गया, जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सरकारी कार्यालयों में भी जलभराव की समस्या है। किसानों के लिए बारिश फायदेमंद साबित हुई है।

Basti News: झमाझम बारिश से राहत, सड़कों व गलियों में भरा पानी

Basti News: बस्ती, निज संवाददाता। झमाझम बारिश ने जहां उमस और गर्मी से लोगों को राहत दी, वहीं शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। गुरुवार देर रात शुरू हुई महज कुछ घंटे की बारिश में शहर की कई प्रमुख सड़कें, चौराहे और मोहल्लों की गलियां जलमग्न हो गईं। जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को भी दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। कई स्थानों पर लोगों को घुटनों तक पानी में होकर आवागमन करना पड़ा। जलभराव के कारण वाहन चालकों को रास्ता बदलना पड़ा, जबकि दोपहिया सवार फिसलने के डर से धीमी गति से वाहन चलाते नजर आए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष हल्की बारिश में भी सड़कें और गलियां तालाब में तब्दील हो जाती हैं। बारिश से सबसे अधिक परेशानी सरकारी कार्यालयों और बाजार आने वाले लोगों को हुई। जिला कोषागार कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर कई दिनों से बारिश का पानी जमा है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कार्यालय पहुंचने वाले पेंशनर्स, कर्मचारियों और आम नागरिकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।प्रतिदिन काफी संख्या में बुजुर्ग पेंशनर्स पेंशन संबंधी कार्यों के लिए यहां आते हैं। पानी भरे होने से उन्हें फिसलने और चोट लगने का खतरा बना हुआ है। कर्मचारियों और फरियादियों को भी इसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि मुख्य प्रवेश द्वार पर जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसे दूर करने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। हालांकि, यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। जिले में धान की रोपाई ने रफ्तार पकड़ ली है। जिन खेतों में पानी की कमी के कारण रोपाई प्रभावित हो रही थी, वहां पर्याप्त नमी मिलने से किसानों ने तेजी से रोपाई शुरू कर दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।