ग्राहक को दिखाने के नाम पर हड़प लिया 185 ग्राम सोना
Basti News - बस्ती में एक आभूषण दुकान से ग्राहक को दिखाने के नाम पर सोने के जेवरात लेकर हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी ने जेवरात वापस नहीं किए और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

बस्ती, निज संवाददाता। ग्राहक को दिखाने के नाम पर सोने के जेवरात लेकर हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आभूषण की दुकान से सोने के जेवरात ग्राहक को दिखाकर बेचने के नाम पर लेने के बाद आरोपी ने अपने पास रख लिया। मांगने पर न पैसा दिया और न ही जेवरात लौटाया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। प्रकरण में हर्रैया पुलिस ने सराफा दुकानदार की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ अमानत में खयानत समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हर्रैया नगर पंचायत के गौतमबुद्धनगर निवासी सूर्यलाल ने थाने में तहरीर देकर बताया है कि उनकी इसी नगर पंचायत के कुंवर नगर में आभूषण की दुकान है।
उनका आरोप है कि गत दो अप्रैल को विपक्षी ने ग्राहक को दिखाने के लिए सोने का हार, झाला और चैन उनकी दुकान से लिया। इनमें 105 ग्राम का सोना 18 कैरेट का और 24 कैरेट का 81.108 ग्राम सोना था। लेकिन ग्राहक को दिखाने के नाम पर लिया गया सोना आरोपी आकाश सोनी ने वापस नहीं किया और न ही इसका पैसा दिया। इसके बाद वे आकाश सोनी के यहां रुपया मांगने गए तो उसने व उसके परिजनों ने उनके साथ अभद्रता की। अपशब्द कहते हुए मारने लगे। बोले कि दोबारा मांगने आओगे तो जान से मार डालेंगे। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी आकाश सोनी, कृष्णा प्रसाद, अभय सोनी समेत पांच लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच एसआई रुदल बहादुर सिंह को सौंपी गई है।---
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


