गैस पाइप लाइन बिछाने के दौरान शहर के सात मोहल्लों में बने गड्ढे, ईओ ने दी नोटिस
Basti News - बस्ती में गैस पाइप लाइन बिछाने के दौरान सात मोहल्लों में गड्ढे बन गए हैं, जिससे जलभराव और गंदगी फैल रही है। नगर पालिका परिषद के ईओ ने गैस कंपनी को नोटिस भेजकर गड्ढों को भरने और सड़क मरम्मत करने को कहा...

बस्ती, निज संवाददाता। शहर में गैस पाइप लाइन बिछाने के दौरान सात मोहल्लों में गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों को निर्माण एजेन्सी ने नहीं भरा है। इस कारण जगह-जगह जलभराव हो रहा है और गंदगी फैल रही है। इस पर ईओ नगर पालिका परिषद ने गैस कंपनी के सहायक प्रबंधक को नोटिस भेजा है। नोटिस में ईओ ने तत्काल गड्ढों को भरते हुए सड़क मरम्मत कराने को कहा है। अन्यथा की दशा में अनंबंध निरस्त कर विभागीय कार्रवाई की बात कही गई है। सहायक प्रबन्धक टोरेन्ट गैस को लिखे पत्र में ईओ नगर पालिका परिषद अंगद गुप्ता ने कहा कि आनकी कंपनी शहरी क्षेत्र के चिकवा टोला, नरहरिया, पठान टोला, पाण्डेय बाजार, पिकौरा शिवगुलाम, तुरकहिया और मिश्रौलिया वार्ड में गैस पाइप लाइन बिछाने का काम कर रही है।
यहां पर गैस पाइप लाइन का विस्तार हो रहा है। इन वार्डों में कराए गए कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में यह पाया गया कि अण्डरग्राउण्ड गैस पाइप लाइन विस्तार के कारण मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे हैं। इस कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जहां रोड कासिंग है, वहां की स्थिति अत्यन्त खराब है। इस कारण आम नागरिकों में काफी रोष है। ऐसे में आपको नोटिस के माध्यम से सूचित किया जाता है कि पालिका सीमान्तर्गत चिकवा टोला, नरहरिया, पठान टोला, पाण्डेय बाजार, पिकौरा शिवगुलाम, तुरकहिया तथा मिश्रौलिया में गैस पाइप लाइन डालने से क्षतिग्रस्त हुई सड़क की पटरियों, क्रासिंगों की तत्काल मरम्मत कराकर जनसाधारण के आवागमन मार्ग को सुगम करा दें। इसकी सूचना ईओ नगर पालिका को एक सप्ताह में दें। अन्यथा की दशा में अनुबन्धों के शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में जमा धनराशि जब्त करते हुए कार्यादेश निरस्त कर दिया जायेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




