सहालग के सीजन में पेट्रोल-डीजल की किल्लत से बढ़ी परेशानी
बस्ती जिले में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत बनी हुई है। बाइक सवारों को एक पंप से दूसरे पंप का चक्कर लगाना पड़ रहा है। कई पेट्रोल पंप पूरी तरह सूख चुके हैं और 'नो फ्यूल' के बोर्ड लगे हैं। सहालग के सीजन में स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे लोग ईंधन के लिए परेशान हैं।

बस्ती। जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत से लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। ईंधन भरवाने के लिए बाइक सवारों को एक पंप से दूसरे पंप का चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो गए हैं, जबकि अधिकांश पंपों पर ‘नो फ्यूल’ का बोर्ड लगा नजर आ रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दर्जन भर से अधिक पेट्रोल पंपों के सूख जाने से लोग ईंधन के लिए इधर-उधर भटकते दिखे। सहालग के सीजन में पेट्रोल-डीजल की कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। कई स्थानों पर पेट्रोल उपलब्ध है तो डीजल नहीं और जहां डीजल है वहां पेट्रोल खत्म होने की समस्या बनी रही।
चार पहिया वाहन चालक भी डीजल भरवाने के लिए पंपों के चक्कर लगाते नजर आए। शहर के स्टेशन रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर तेल के अभाव में सन्नाटा पसरा रहा। ग्राहक पंपों पर पहुंचकर ईंधन आने की जानकारी लेते दिखे। पंपों पर पहुंचे रवि कुमार, सोनू, बालेंद्र और गिरीश सहित अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि ईंधन नहीं मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहीं-कहीं पेट्रोल के लिए लंबी कतारें भी देखने को मिलीं, लेकिन कई बार उपभोक्ताओं का नंबर आने से पहले ही तेल खत्म हो जा रहा है। ऐसे में लोगों को एक पंप से दूसरे पंप तक भटकना पड़ रहा है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


