Basti News: अज्ञात जालसाज के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
Basti News: हर्रैया थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलने का मामला सामने आया है। पीड़ित अनिल कुमार ने भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से पैसे निकालने के दौरान धोखे से अपना कार्ड खो दिया। उन्हें बाद में बैंक से ₹1.39 लाख की धोखाधड़ी का मैसेज मिला। हर्रैया पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

Basti News: बस्ती। जिले के हर्रैया थानाक्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर एक लाख 39 हजार रुपये के फ्राड का मामला सामने आया है। पीड़ित हर्रैया कस्बे में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम पर पैसा निकालने के लिए गया था। तभी जालसाजों ने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और मौके से भाग निकले। थोड़ी ही देर बाद मोबाइल पर बैंक खाते से पैसा कटने का मैसेज आया तो फ्राड की जानकारी पीड़ित को हुई। बैंक से संपर्क करने के साथ ही घटना की जानकारी पीड़ित ने हर्रैया थाने पर दी। हर्रैया पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पैकोलिया थानाक्षेत्र के भैरोपुर निवासी अनिल कुमार पुत्र शिवपूजन ने थाने में तहरीर देकर बताया है कि वे हर्रैया कस्बे में कुछ काम से गए थे। यहां दोपहर करीब पौने दो बजे हर्रैया मार्केट में फेमस टेलर के सामने स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के लिए गया। एटीएम के अंदर जब पैसा निकाल रहा था, तभी एक व्यक्ति ने पीछे से आकर उन्हें दूसरा कार्ड दिखाकर भ्रमित कर दिया। जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक वह कार्ड लेकर मौके से खिसक गया। तेजी से गुजरे घटनाक्रम से वे हैरान हो गए। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या करें। थोड़ी ही देर में वे समझ गए कि उनका एटीएम कार्ड धोखे से बदल लिया गया है। उनके मोबाइल पर थोड़ी देर बाद मैसेज आया कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा स्थित खाते से एक लाख 39 हजार रुपये निकाल लिया गया। उन्होंने बैंक से संपर्क कर उनके एटीएम कार्ड बदलने की जानकारी दी, साथ ही पुलिस को भी घटनाक्रम की जानकारी दी। एसएचओ संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का एटीएम बदलने के आरोप में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एटीएम के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से साक्ष्य संकलन कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना की जांच एसआई दिनेश कुमार सिंह को सौंपी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


