आग लगने से 33 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख
Basti News - बस्ती जिले में रविवार को आग लगने से लगभग 33 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। विद्युत तार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाया। कई किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने क्षति का आकलन शुरू कर दिया है और पीड़ित किसानों को मुआवजे का आश्वासन दिया है।

बस्ती/ सांऊघाट, हिन्दुस्तान टीम। जिले में आग का तांडव लगातार जारी है। रविवार को वाल्टरगंज, कलवारी, लालगंज, सोनहा समेत अन्य स्थानों पर लगी आग में करीब 33 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाया। वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलभरिया के सिवान में रविवार की सुबह विद्युत तार में हुई शार्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। हवा संग तेजी से फैली आग ने देखते ही देखते लगभग 10 बीघा खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों को देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ के डाल को तोड़ करके आग को बुझाने का प्रयास किया।
इधर विद्युत विभाग को सूचना देकर विद्युत सप्लाई बंद करवाई गई। लेकिन तब तक दस बीघा फसल जलकर राख हो चुकी थी। आग की चपेट में आने से बेलभरिया निवासी अयोध्या का ढाई बीघा गेहूं, परसालालशाही के चन्द्रप्रकाश का डेढ़ बीघा, मनोज गुप्ता का एक बीघा, रसीदा खातून के रेहन वाला खेत का एक बीघा, नोहर का भी रेहन वाला खेत दो बीघा समेत अन्य किसानों का करीब दस बीघा फसल जलकर राख हो गई। एसडीएम रुधौली मनोज प्रकाश ने बताया कि मौके पर हल्का लेखपाल व कानूनगो को भेज कर क्षति का आकलन कराया जा रहा है। पीड़ित किसानों को जल्द ही मुआवजे की धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी।हर्रैया संवाद के अनुसार थानाक्षेत्र के महादेवरी गांव में रविवार दोपहर 2:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात कारणों से खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। महादेवरी निवासी किसान शिव शंकर शुक्ला के गेहूं की फसल जल गई।--- 32 किसानों का 13 बीघा गेहूं जलकर राखकलवारी। थानाक्षेत्र के माझाखुर्द गांव के सिवान में शनिवार की रात में अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में आग लग गई। आग से 32 किसानों का करीब तेरह बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड की मदद से आग को काबू पाया। कलवारी थानाक्षेत्र के माझा खुर्द व सैदाबाद गांव निवासी बुधिराम, गंगाराम, लालता, नजीर, कमता, नबी मोहम्मद, शकील, वसीर, जोखू, राधेश्याम, घनश्याम, सुरेन्द्र, प्रेम चंद, श्यामराज, रामनिहोर, सत्यनारायण सहित 32 किसानों के गेहूं के खेत को आग ने अपने आगोश में ले लिया। जिससे गेहूं की फसल जल गई। लेखपाल अवधेश श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी। --- 12 बीघा डण्ठल व एक बीघा गेहूं जलकर राख बनकटी। लालगंज थानाक्षेत्र के खिरहुआ गांव के सीवान में अज्ञात कारणों से रविवार को आग लग गई। इसमें 12 बीघा डण्ठल के साथ एक बीघा गेहूं जल गया। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचा तो लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे अज्ञात कारणों से गांव के उत्तर पश्चिम में गेहूं के डंठल में आग लग गई। कुछ लोगों के शोर मचाने पर खिरहुआ, बरहुआ के पांचों पुरवा, देवरी, गुलरिहा, हेनौता गांव के लोगों ने किसी तरह काबू पाया। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचता, तब तक 12 बीघा डण्ठल और एक बीघा गेहूं की फसल जल गई। आरसीसी रोड और एक बड़ा पोखरा होने के कारण आगे नहीं फैल पाई, जिससे काफी फसल बच गई। ग्राम प्रधान जावेद अहमद की सूचना पर फायर ब्रिगेड गांव में पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया। --- 11 केवी की टूटी लाइन में करंट दौड़ने से खेत में लगी आग लालगंज। लालगंज सीवान में गिरे 11 केवी लाइन के तार में करंट दौड़ने से लालगंज क्षेत्र के गौरा धुंधा गांव के तीन किसानों का चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने से किसान विनोद चौधरी का दो बीघा, कल्लू चौधरी का एक बीघा व जयसिंह चौधरी का एक बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए खेत को रोटावेटर से जोता और बाल्टी से पानी डालने के साथ ही पेड़ की डाल से पीटा। सूचना पर मौके पर 112 व फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। प्रधान जयसिंह चौधरी ने आग की सूचना लेखपाल प्रशांत राय को दी।--- मनबढ़ युवक पर आग लगाने का आरोप, पांच बीघा गेहूं जलासल्टौआ। सोनहा थानाक्षेत्र के सेहमो गांव के दक्षिण सीवान में शनिवार की रात को तेज आंधी के दौरान एक खेत में आग भड़क गई। आरोप है कि एक एक मनबढ़ युवक ने जानबूझ कर आग लगा दी। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से जोताई कर किसी तरह आग को फैलने से रोका। आग में एक किसान का पांच बीघा फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर डायल 112 के साथ पुलिस भी पहुंची। गांव निवासी पीड़ित किसान अशोक कुमार ने सोनहा पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बीती रात में गांव के ही एक मनबढ़ युवक ने उनके खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लगा दिया और भाग निकला। जिससे उनकी पांच बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। पुलिस जांच में जुटी है। --- आग लगने से जली झोपड़ी, दो मवेशी झुलसे भानपुर। सोनहा थानाक्षेत्र के बनटिकरा गांव में शनिवार की देर रात हरीराम यादव की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने से छप्परपोश मकान में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग के लपटों में घिरकर झोपड़ी के भीतर खूंटे से बंधे दो मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया। पीड़ित की सूचना पर पुलिस व फायर बिग्रेड की गाड़ी भी पहुंची। जानकारी होते ही रविवार सुबह हल्का लेखपाल राहुल कुमार व राजस्व निरीक्षक जनार्दन प्रसाद ने आग से क्षति का आकलन किया। ---
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


