Basti News: हरियाली तीज की आहट से सजे बाजार, हरी चूड़ियों-मेहंदी की बढ़ी मांग
Basti News: हरियाली तीज की आहट से बस्ती के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महिलाएं व्रत और पूजन की तैयारियों में जुट गई हैं। नए डिजाइन और रंगों की साड़ियां, हरी चूड़ियां और शृंगार सामग्री की मांग बढ़ रही है। पर्व पर धार्मिक उत्साह के साथ ब्यूटी पार्लरों में भी तैयारियां चल रही हैं।

Basti News: बस्ती, निज संवाददाता सावन की हरियाली तीज की आहट के साथ शहर के बाजारों में पर्व की रंगत चढ़ने लगी है। महिलाओं ने व्रत और पूजन की तैयारियों के साथ खरीदारी भी शुरू कर दी है। गुरुवार को कपड़ा, चूड़ी और शृंगार की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ नजर आई। हरी चूड़ियों, रंगबिरंगी साड़ियों, मेहंदी और शृंगार सामग्री की मांग बढ़ने से बाजारों में रौनक बढ़ गई है। नवविवाहित महिलाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
हरियाली तीज का महत्त्व
हरियाली तीज सावन मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है। इस दिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। पर्व को लेकर गांधीनगर समेत शहर के प्रमुख बाजारों में साड़ियों और परिधानों की नई रेंज सज गई है। चूड़ी और शृंगार की दुकानों पर हरे रंग की चूड़ियों की मांग सबसे अधिक है। वहीं, मेहंदी लगवाने के लिए महिलाएं और युवतियां दुकानों व मेहंदी स्टॉल का रुख कर रही हैं।
साड़ियों की नई रेंज
गांधीनगर के कपड़ा व्यवसायी प्रह्लाद मोदी ने बताया कि हरियाली तीज को देखते हुए विभिन्न डिजाइन और रंगों की साड़ियों की नई रेंज मंगाई गई है। प्रिंट, जयपुरी और बनारसी सिल्क साड़ियां 500 से 2500 रुपये तक उपलब्ध हैं। चुनरी प्रिंट और लहरिया प्रिंट सूट 500 से 2000 रुपये तक में बिक रहे हैं। महिलाओं की पसंद को देखते हुए दुकानदारों ने हरे रंग की साड़ियों, चूड़ियों और श्रृंगार सामग्री की अलग-अलग रेंज सजाई है।
ब्यूटी पार्लरों में तैयारियां
हरियाली तीज को लेकर शहर के ब्यूटी पार्लरों में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व पर सजने-संवरने के लिए महिलाओं की बढ़ती रुचि को देखते हुए संचालकों ने फेशियल, मेकअप, हेयर स्टाइल समेत कई सेवाओं पर छूट की पेशकश की है। एक साथ कई सेवाएं लेने वाली महिलाओं को विशेष पैकेज दिए जा रहे हैं। वहीं, हाथों पर मेहंदी के आकर्षक डिजाइन बनवाने को लेकर भी उत्साह बढ़ा है। डिजाइन और जटिलता के अनुसार मेहंदी के अलग-अलग दाम तय किए गए हैं।


