ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बस्तीबस्ती में मुठभेड़ : दो बदमाशों को लगी गोली, दो सिपाही भी घायल

बस्ती में मुठभेड़ : दो बदमाशों को लगी गोली, दो सिपाही भी घायल

बस्ती। हिन्दुस्तान टीम बस्ती की हर्रैया और छावनी पुलिस ने एसओजी, नारकोटिक्स और...

बस्ती में मुठभेड़ : दो बदमाशों को लगी गोली, दो सिपाही भी घायल
हिन्दुस्तान टीम,बस्तीThu, 08 Jul 2021 05:11 AM
ऐप पर पढ़ें

बस्ती। हिन्दुस्तान टीम

बस्ती की हर्रैया और छावनी पुलिस ने एसओजी, नारकोटिक्स और सर्विलांस टीम की मदद से मुठभेड़ में शातिर लुटेरे और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। वहीं बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली से दो सिपाही भी घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों शातिर बदमाशों के तीन अन्य साथियों को भी पकड़ा गया है। नगद रकम, बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। दोनों बदमाशों पर गैंगस्टर लगाया जाएगा।

छावनी थाना क्षेत्र में जमौलिया-बंजरिया मार्ग पर दत्तनगर के पास एसओजी टीम व थानाध्यक्ष छावनी आलोक श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ भोर में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से बंजरिया की तरफ से दो बाइक पर सवार चार बदमाश रोकने पर भागते हुए फायरिंग करने लगे। एक गोली छावनी थाने पर तैनात सिपाही जितेंद्र कुमार के हाथ को छूते हुए निकल गई। मुठभेड़ में बदमाश सूरज कुमार प्रजापति के पैर में गोली लगी। पुलिस ने सूरज कुमार प्रजापति पुत्र राम बदन प्रजापति, प्रदीप कुमार पुत्र जंजाली, रवि शर्मा पुत्र राम केवल निवासीगण नगरा बदली थाना छावनी व वीरेन्द्र जायसवाल पुत्र लल्लन निवासी थरुवापार थाना हर्रैया को गिरफ्तार लिया।

तलाशी में बदमाशों के पास से लूट के 52750 रुपये, दो कट्टा, तीन कारतूस और दो बाइक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने नगरा बदली गांव के सीएसपी संचालक से हुई लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। बताया कि 2 जून 2021 को सीएसपी संचालक अर्जुन प्रसाद विश्वकर्मा निवासी खम्हरिया थाना परशुरामपुर को तालागांव-बंजरिया मार्ग पर तमंचा सटाकर 2.35 लाख लूटे थे। सीएसपी संचालक अर्जुन के यहां काम करने वाले रवि शर्मा ने चार माह से वेतन नहीं देने से नाराज होकर लूट के लिए मुखबिरी की थी। सभी आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

शातिर चोर विकास यादव के पैर में लगी गोली

इंस्पेक्टर हर्रैया बिंदेश्वरी मणि तिवारी ने बताया कि थाना क्षेत्र के केशवपुर और भैंसा चौबे में वाटर पंप चोरी होने का मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही थी। इसमें गैंग लीडर विकास यादव निवासी ग्राम रोआगोवा थाना लालगंज फरार चल रहा था। बुधवार को पुलिस ने मुठभेड़ में उसे भी गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। गोली हर्रैया थाने में तैनात सिपाही अभिषेक यादव के हाथ को छूते हुए चली गई। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से शातिर चोर विकास पुत्र लालचंद निवासी रोवा गोवा थाना लालगंज घायल हो गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें