
एंटी रोमियो की टीम रही सक्रिय, संदिग्धों की हुई जांच
संक्षेप: Basti News - बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। एसपी अभिनंदन की अगुवाई में जिलेभर में जिले के सभी थानों
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। एसपी अभिनंदन की अगुवाई में जिलेभर में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति टीम ने अपने-अपने थानाक्षेत्र के विभिन्न विद्यालय में जाकर छात्राओं को जागरूक किया। साथ ही गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं व बालिकाओं को जागरुक किया गया। प्रभारी निरीक्षक महिला थाना डॉ. शालिनी सिंह के साथ सिपाही रश्मि, प्रियंका वर्मा, श्यामा पाठक, सुमन यादव ने बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें स्थानीय आशा बहुएं, समूह सखी, महिला चौकीदार पूरी टीम के साथ उपस्थित रहीं। लगभग 145 की संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया और क्रमशः उनके घर जाकर एवं गांव में घूमकर उनसे संपर्क कर उनको जागरूक किया गया।
उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। सभी को एक जगह एकत्र कर उनको सरकार स्तर से चलाई गई समस्त योजनाओं एवं मिशन शक्ति से संबंधित समस्त जानकारी दी। महिला थाना प्रभारी ने कहा कि जब भी कोई समस्या हो तो तत्काल 1090, 112 आदि हेल्पलाइन पर फोन कर दें, पुलिस तत्काल आपकी सहायता करेगी। एक बहु के परिजनों को भी थाने पर बुलाकर समझाया गया तो दोनों पक्ष आपस में विचार विमर्श करके स्वेच्छा से राजी खुशी रहने को तैयार हो गए। इसी प्रकार एक बहू ने बताया कि मेरी सास उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करती है और हमेशा ताना मारती है। उसकी सास को बुलाकर समझाया गया और यह भी बताया गया कि दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा के तहत कानूनन अपराध है। इसी प्रकार बहू सम्मेलन में आई हुई अन्य बहुओं ने भी विभिन्न समस्याएं बताईं, जिसमें तत्काल उनके परिजनों को बुलाकर उनकी समस्याओं का निराकरण किया गया। परसरामपुर की टीम ने महिलाओं/ बालिकाओं के लिए बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। कलवारी मिशन शक्ति टीम ने कस्बे में पंपलेट वितरित करने के साथ आधी आबादी को मिशन शक्ति, साइबर अपराध समेत अन्य मुद्दों पर जागरूक कर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। कप्तानगंज, लालगंज, रुधौली, पुरानी बस्ती समेत अन्य थानाक्षेत्रों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




