
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में दो गुट भिड़े, पुलिस की लाठी लगने पर धरना
Basti News - बस्ती में शरद पूर्णिमा के दिन दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कंपनीबाग पर बवाल हो गया। आयोजकों के दो गुटों में विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। एक आयोजक को लाठी लगी, जिसके विरोध में...
बस्ती, निज संवाददाता। शरद पूर्णिमा के दिन दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान मंगलवार रात कंपनीबाग पर आधी रात बवाल हो गया। दुर्गा पूजा आयोजकों के दो गुटों में विवाद हो गया। समझाने पर नहीं माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस की लाठी एक दुर्गा पूजा आयोजक को लग गई। इसके विरोध में आयोजकों ने कंपनीबाग पर धरना शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा लाठियां फटकारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, 'हिन्दुस्तान' अखबार वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। दुर्गा पूजा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान मंगलवार आधी रात करीब डेढ़ बजे मेला देखने आए कुछ युवकों और दुर्गा पूजा आयोजकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद भी दोनों गुटों का विवाद खत्म नहीं हुआ। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां फटकारी। दुर्गा पूजा समारोह के आयोजक मंडली के एक युवक को लाठी लग गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में दुर्गा पूजा आयोजकों ने कंपनीबाग पर धरना देना शुरू कर दिया। धरना करीब आधा घंटा चला। आयोजकों का कहना था कि इस युवक का उस विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने लोगों से बात की। काफी समझाने के बाद आयोजकों ने धरना समाप्त किया और प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए आगे बढ़ाना शुरू किया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। धरने के दौरान कंपनीबाग से गांधीनगर के बीच पहुंची दुर्गा प्रतिमाएं अपने-अपने स्थान पर खड़ी रहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




