होली व रमजान पर शांति व्यवस्था के रहेंगे कड़े इंतजाम
Basti News - बस्ती में होली और रमजान के त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। डीएम ने सभी विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, और पुलिस बल की तैनाती पर खास ध्यान दिया गया। अफवाहों पर नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात की गई।

बस्ती, निज संवाददाता। होली और रमजान को सकुशल संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। डीएम ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने तथा एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और तकनीकी खराबी पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी ने बताया कि जनपद के संवेदनशील स्थलों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। त्योहारों के दौरान लगातार गश्त, सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग और अफवाहों पर तत्काल नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, एएसपी श्यामकांत, एसडीएम शत्रुध्न पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



