गन्ना तौल केंद्र पर बवाल, अभिलेख फाड़ने का आरोप
Basti News - बस्ती। कप्तानगंज क्षेत्र के लहिलवारा स्थित मसौधा चीनी मिल के गन्ना तौल केंद्र पर

बस्ती। कप्तानगंज क्षेत्र के लहिलवारा स्थित मसौधा चीनी मिल के गन्ना तौल केंद्र पर वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मौके पर पहुंचे मिल के केन मैनेजर अशोक पाण्डेय के साथ कुछ लोगों ने दुर्व्यवहार और गाली-गलौज किया। आरोप है कि इस दौरान तौल केंद्र के अभिलेख भी फाड़ दिए गए। सूचना मिलने पर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। देर शाम केन मैनेजर ने थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बताया जाता है कि तौल केंद्र से गन्ना ढुलाई का काम दो ठेकेदारों के पास है। इनमें से एक के चार ट्राले लगे हैं जबकि दूसरे के केवल दो।
इसी को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनातनी चल रही है। गन्ना लेकर गए ट्राले मिल से लौट नहीं पाए थे, जिसके कारण तौल कार्य रोक दिया गया। इसकी जानकारी होने पर केन मैनेजर अशोक पाण्डेय तौल केंद्र पहुंचे, जहां कुछ लोगों ने उनके साथ बदसलूकी करनी शुरू कर दी। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। केन मैनेजर ने बताया कि तौल बंद होने को लेकर मिल प्रबंधन की ओर से नोटिस जारी किया जा चुका है। मामले की जानकारी मिल के उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है। थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


