थाना समाधान दिवस से नदारद रहे लेखपाल
Basti News - बस्ती में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जहां अधिकांश लोग ठंड में शिकायत लेकर पहुंचे। लेखपालों की अनुपस्थिति के कारण शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका। हर्रैया, छावनी और पैकोलिया थानों पर समाधान दिवस में कोई भी मामला सुलझ नहीं सका। ग्रामीणों ने राजस्व अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। जिले के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस कड़कड़ाती ठंड में फरियाद लेकर पहुंचे अधिकांश लोगों को आश्वासन देकर लौटा दिया गया। थानों पर लेखपालों के न पहुंचने के कारण भी शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका। फरियादी थानों के बाहर अपने क्षेत्र के लेखपालों का इंतजार करते रहे। हर्रैया, छावनी और पैकोलिया थाने पर समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जहां ज्यादातर लेखपाल नदारद रहे। फरियादी लेखपालों का इंतजार करते रहे। जानकारों का कहना है कि थाना दिवस पर आने वाले ज्यादातर मामले राजस्व विभाग के होते हैं, जिनका समाधान राजस्व कर्मी ही करते हैं।
हर्रैया थाना पर पर नायब तहसीलदार शौकत अली, कोतवाल तहसीलदार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित थाना दिवस में नौ मामले आए, जिसमें दो पुलिस विभाग और सात राजस्व के थे। कोतवाल तहसीलदार सिंह ने दो मामलों का मौके पर निस्तारण किया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए अगले दिवस में बुलाया गया। फसलों की क्राफ्ट कटिंग की बात कहकर थोड़ी देर बाद नायब तहसीलदार क्षेत्र में रवाना हो गए। मौके पर एक भी राजस्व कर्मी मौजूद नहीं रहे। समाधान दिवस का रंग फीका रहा। पैकोलिया में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार साहू कि अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल सात मामले आए, एक भी मामले का निस्तारण नहीं हुआ। छावनी थाने में प्रभारी थानाध्यक्ष चंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित थाना पंचायत दिवस में लेखपाल मौजूद नहीं थे। बताया कि लेखपालों की अनुपस्थिति को लेकर पत्र भेजकर एसडीएम को अवगत कराया जाएगा। छावनी थाने पर एक लेखपाल जयराज मौजूद मिले। उन्होंने साथी लेखपालों की अनुपस्थिति पर अनभिज्ञता प्रकट की। थाना दिवस पर पांच मामले आए। उड़गुईया निवासी सूरज पांडेय, धिरौली बाबू निवासी राममूरत, सिरौली बाबू निवासी संध्या देवी ने राजस्व संबंधित मामले के निपटारे के लिए शिकायती-पत्र दिया है। छावनी कस्बा निवासी एक युवक अपनी और सरकारी नाले की जमीन नपवाने के लिए आया था। मुड़ाडीहा निवासी विंदेश्वरी ने गुमशुदगी से संबंधित मामले में शिकायती पत्र दिया। लेखपाल के न आने से काम नहीं हो पाया। क्रॉप सर्वे के आंकड़े देने में व्यस्त हैं लेखपाल तहसील के अधिकारियों का कहना है कि क्रॉप सर्वे की समीक्षा को लेकर जिले में शनिवार को डीएम की बैठक होनी है। हर्रैया तहसील में क्रॉप सर्वे का काम अभी तक लगभग छह प्रतिशत के आसपास ही हो पाया है। जिले में 16 प्रतिशत के करीब हो चुका है। इसी कार्य का फीडबैक देने के लिए सभी लेखपाल सर्वे का काम करने में व्यस्त हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जल्दबाजी के चक्कर में लेखपाल मनमाने ढंग से बोए हुए खेत को भी खाली दिखाकर सर्वे कर रहे हैं। जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से हो रही है। एसडीएम हर्रैया सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया शनिवार को लेखपालों की मीटिंग थी, क्राप सर्वे का कार्य चल रहा है। उसी में सभी लेखपाल लगाए गए हैं। तीन माह से तहसील का चक्कर काट रहा फरियादी, देईसांड़। जनता की सुविधा के लिए महीने में तीन बार थाना समाधान व दो बार तहसील दिवस का आयोजन हो रहा है। राजस्व व पुलिस विभाग की टीम को जन शिकायतों का निस्तारण कराना होता है। अगर कोई फरियादी तीन माह से एक चकरोड की पैमाइश कराने के लिए तहसील का चक्कर काट रहा हो तो राजस्व विभाग के जिम्मेदारों के कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा होना लाजमी है। लालगंज थानाअंतर्गत बनकटी नगर पंचायत के संत रविदासनगर वार्ड (बर्रोहिया) निवासी रामबृक्ष चौधरी पिछले तीन महीने से घर के सामने अतिक्रमणयुक्त चकरोड की पैमाइश के लिए थाना समाधान व तहसील दिवस तथा जिला मुख्यालय के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर पैमाइश की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि राजस्व निरीक्षक हीलाहवाली कर रहे हैं। बार-बार शिकायत के बाद राजस्व निरीक्षक ने फर्जी रिपोर्ट लगाकर पैमाइश करने से मना कर दिया जबकि एसडीएम सदर ने पैमाइश का आदेश दिया है। उनका कहना है कि गांव की आबादी से सटे इस परिक्रमा मार्ग से गांव की आधी आबादी के आवागमन के लिए यह मुख्य मार्ग है। अतिक्रमण के चलते चार पहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। राजस्व निरीक्षक ललित मिश्रा ने बताया कि चकरोड जगह जगह कटा हुआ है, जल्द ही पैमाइश करा दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


