विभागीय कार्य में पिछड़ने पर डीपीआरओ को शोकॉज
Basti News - बस्ती। पंचायतीराज विभाग की बस्ती में संचालित योजनाओं में पिछड़ने पर निदेशक ने नाराजगी

बस्ती। पंचायतीराज विभाग की बस्ती में संचालित योजनाओं में पिछड़ने पर निदेशक ने नाराजगी जताई है। डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना और ग्राम पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर के सक्रिय करने में देरी को शासन ने गंभीरता से लिया है। उप निदेशक स्तर की समीक्षा बैठक में निदेशक ने कार्रवाई का निर्देश दिया है। इस पर उप निदेशक पंचायत बस्ती मंडल समरजीत यादव ने डीपीआरओ बस्ती को दो प्रकरणों में कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।डीपीआरओ को दिए कारण बताओ नोटिस उप निदेशक पंचायत समरजीत यादव ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना के लिए प्रमुख सचिव ने सभी उप निदेशकों की बैठक की।
समीक्षा बैठक में यह पता चला कि बस्ती जिले में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना के लिए फर्नीचर आपूर्ति के लिए चयनित वेंडर ने फर्नीचर की आपूर्ति अभी तक नहीं की है। इस कारण डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना में काफी विलंब हो रहा है। मंडल की प्रगति खराब होने के कारण प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में फर्नीचर की आपूर्ति अभी तक नहीं किये जाने के संबंध में स्पष्टीकरण दें।इसके अलावा शोकॉज नोटिस में कहा कि शासन स्तर पर हुई समीक्षा में पता चला कि ओएसआर पोर्टल की सूचना के अनुसार 2025 वित्तीय वर्ष में बस्ती जनपद में निष्क्रिय कॉमन सर्विस सेंटर को सक्रिय कराए जाने का निर्देश दिया गया था। किन्तु बस्ती जिले में समस्त कॉमन सर्विस सेंटर को सक्रिय नहीं कराया गया है। प्रमुख सचिव की समीक्षा में पता चला कि जनपद की 1187 ग्राम पंचायतों में से 836 ग्राम पंचायतें कॉमन सर्विस सेंटर की सेवाएं नहीं दे रही है। यह स्थिति अत्यन्त ही खेदजनक है। ऐसे में निर्देशित किया जाता है कि जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर को सक्रिय कराते हुए अब तक के कम प्रगति के संबंध में अपना स्पष्टीकरण साक्ष्य के साथ निदेशालय और उनके कार्यालय को उपलब्ध करा दें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


