ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बस्तीदुर्गा पांडालों में दर्शन को उमड़ रहे श्रद्धालु, पूर्णिमा को होगा मूर्ति विसर्जन

दुर्गा पांडालों में दर्शन को उमड़ रहे श्रद्धालु, पूर्णिमा को होगा मूर्ति विसर्जन

बस्ती। निज संवाददाता ग्रामीण क्षेत्र में दशहरा को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के...

दुर्गा पांडालों में दर्शन को उमड़ रहे श्रद्धालु, पूर्णिमा को होगा मूर्ति विसर्जन
हिन्दुस्तान टीम,बस्तीSun, 17 Oct 2021 11:20 PM
ऐप पर पढ़ें

बस्ती। निज संवाददाता

ग्रामीण क्षेत्र में दशहरा को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के बाद शहर में दुर्गा पूजा में ग्रामीण क्षेत्र के दूर दराज के श्रद्धालुओं के आने की संख्या बढ़ गई है। श्रद्धालु मां दुर्गा का दर्शन, पूजन-अर्चना कर रहे हैं। रविवार की रात दुर्गा पूजा पांडालों में जगह-जगह काफी भीड़ रही। कटरा, मालवीय रोड, कंपनीबाग, रौता चौराहा, सिविल लाइन, दक्षिण दरवाजा, पुरानी बस्ती सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धालु विधि विधान से पूजन, आरती कर लोगों में प्रसाद वितरित कर रहे हैं। दुर्गा पांडालों में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालु दूर-दराज से भी आ रहे हैं। शहर में प्रतिमा विसर्जन पूर्णिमा को होता है।

शहर के फव्वारा तिराहा के पास स्टेडियम कॉलोनी के सामने स्थापित मां दुर्गा के पांडाल में दर्शन करने वालों की भारी भीड़ रही। यहां पर आयोजक शरद सिंह रावत और उनके परिवार के सभी सदस्य मां दुर्गा के पूजा-पाठ और साफ-सफाई में खुद कर रहे हैं। इसी तरह से कंपनीबाग शिव मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष यहां पर महिलाएं शाम को एकत्रित होकर भजन कीर्तन व मां अंबे के गीतों के माध्यम से मां का गुणगान गाती रही। महरीखांवा रोड के मोड़ पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के पांडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है।

इसी तरह रुधौली बाजार में प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्णिमा के दिन ही होता है। यहां भी पूर्णिमा तक मां दुर्गा के पांडालों में पूरे विधि-विधान से पूजन अर्चना के साथ ही मां के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाता रहा। रुधौली कस्बा और बाजार में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्णिमा को होता है। टिनिच में भी मां दुर्गा के प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्णिमा को होगा। यहां भी लोग मां दुर्गा की पूजा-अर्चना विधि-विधान से कर रहे हैं।

बरसात ने रविवार को दुर्गा पूजा में डाला खलल

बस्ती। अचानक रविवार को दोपहर तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने दुर्गा पूजा आयोजकों को असमंजस में डाल दिया। तेज बारिश के कारण कई जगह स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा भीग गई। कुछ जगह आयोजक आनन-फानन में पन्नी लाकर किसी तरह से प्रतिमाओं को भीगने से बचाते दिखाई दिए। रविवार की शाम को भी हल्की बारिश शुरू हो गई। इस बरसात से मां दुर्गा के पूजन में कुछ खलल जरूर पड़ा लेकिन थोड़ी देर बाद शाम को लाइट के सजावट के साथ ही लोग पांडालों को सुरक्षित कर लिए, जिससे पांडाल में बरसात के पानी का असर न आने पाए। इसके बाद फिर शाम से विधि-विधान से पूजन अर्चन का कार्यक्रम दुर्गा पूजा आयोजकों द्वारा शुरू हुआ।

रामलीला मंचन का हुआ शुरूआत

हर्रैया। करमडाड़े गांव में लगातार कई वर्षों से रामलीला मंचन का कार्यक्रम किया जा रहा है। इस बार 51 वर्ष पूर्ण हो रहा है। रामलीला मंच के अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों को कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। रामलीला मंचन कार्यक्रम की शुरूआत 16 अक्टूबर को की गई। मुख्य अतिथि के रुप में चेयरमैन हर्रैया राजेंद्र गुप्ता, सपा के यज्ञेश पांडेय, शैलेश पांडेय के साथ आयोजन कमेटी के भूतपूर्व प्रधान भोला नाथ पांडेय, गिरजा शंकर दुबे, अमृत नाथ तिवारी रामलीला प्रबंधक फीता काटकर किया। रामलीला कलाकारों ने नारद मोह का मंचन किया। इस मौके पर चंद्रशेखर पांडेय, संजय पांडेय, वीरेंद्र, करुणेश पांडेय, संतोष पाण्डेय, चंद्राहाश पांडेय, उमेश पाण्डे, पिंटू निषाद तथा समस्त ग्रामवासी क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे।

भगवती जागरण में रात भर झूमे श्रद्धालु

रुधौली। नगर पंचायत के डुमरियागंज रोड पर स्थापित मां दुर्गे की प्रतिमा के समक्ष रविवार की रात आयोजित भगवती जागरण में श्रद्धालु झूम उठे। किशोर जागरण ग्रुप के भजन गायक कुमार किशोर ने गणपति वंदना सुनाकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। भोजपुरी भजन गायिका कोमल मिश्रा ने नीमिया के डार मईया झूलेली झूलवा सुनाया तो पूरा पंडाल मां के जयकारे से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान निकाले गये भगवान शिव पार्वती की भव्य झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। झांकी के दौरान राधा कृष्ण की मनमोहक झांकी और नृत्य ने लोगों का मन मोह लिया। इस मौके पर कार्यक्रम में राजकुमार सोनी, गोलू गौड़, नितेश शर्मा, पंकज सिंह, शिवम कसौधन, संजय लाला, रामचन्दर पटवा, राजेश मोदनवाल, घनश्याम कसौधन, पवन मोदनवाल आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें