Basti News: मृत्यु प्रमाण-पत्र में तत्परता, जन्म प्रमाण-पत्र में वर्षों की सुस्ती
Basti News: बस्ती में परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु के प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन की प्रक्रिया तेज हो गई है, जबकि जन्म प्रमाण-पत्र बनाने में वर्षों की देरी हो रही है। कई लोग 25 से 30 साल बाद अपने जन्म प्रमाण-पत्र के लिए नगर पालिका के पास पहुंच रहे हैं। नए नियमों के कारण आवेदन की प्रक्रिया अधिक कठिन हो गई है।

Basti News: बस्ती। परिवार के किसी सदस्य की मौत के बाद मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने में परिजन जहां देर नहीं कर रहे हैं, वहीं जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने में वर्षों की देरी सामने आ रही है। नगर पालिका में पहुंच रहे आवेदनों में कई ऐसे मामले हैं, जिनमें 25 से 30 साल बाद जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोग रिकॉर्ड तलाश रहे हैं। कुछ लोग तो अपने पिता और दादा के जन्म प्रमाण-पत्र के लिए भी नगर पालिका के चक्कर लगा रहे हैं। नौकरी, पासपोर्ट और विदेश जाने के लिए दस्तावेज की जरूरत पड़ने पर पुराने जन्म रिकॉर्ड की तलाश तेज हो गई है।
नगर पालिका अधिकारियों के मुताबिक, रोजाना करीब 20 से 25 लोग पुराने जन्म प्रमाण-पत्र से संबंधित जानकारी और रिकॉर्ड की तलाश में पहुंच रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या युवाओं की है, जिन्हें नौकरी, पासपोर्ट या विदेश जाने की प्रक्रिया के दौरान जन्म प्रमाण-पत्र की जरूरत पड़ रही है। वहीं, बच्चों के स्कूल में प्रवेश के समय भी जन्म प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता के चलते अभिभावक आवेदन कर रहे हैं। जन्म और मृत्यु पंजीयन (संशोधन) विधेयक 2026 के तहत लागू नए नियमों के बाद दो साल से अधिक पुराने जन्म प्रमाण-पत्र के मामलों में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट का लिखित आदेश लेना जरूरी है। ऐसे में पुराने प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन करने वालों को अब न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश समेत निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी पड़ रही है। नए नियम के बाद नगर पालिका में पुराने जन्म प्रमाण-पत्र से जुड़े आवेदनों की संख्या बढ़ी है। मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए आने वाले अधिकांश आवेदन हाल में हुई मौतों से संबंधित हैं। अधिकारियों के अनुसार, परिवार में किसी सदस्य की मौत के बाद परिजन अगले ही दिन आवेदन लेकर पहुंच जाते हैं। हालांकि, इक्का-दुक्का मामले ऐसे भी सामने आते हैं, जिनमें कई दशक पहले हुई मौत का प्रमाण-पत्र अब बनवाने का प्रयास किया जा रहा है। इस बाबत ईओ अंगद गुप्ता ने बताया कि पुराने जन्म प्रमाण-पत्र के आवेदनों में तेजी आई है। नए नियम के तहत न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद प्रमाण-पत्र जारी किए जा रहे हैं।


